'द कश्मीर फाइल्स' के समर्थन में आईं यामी गौतम, जनता से की ये खास अपील
मुंबई, मार्च 14। कश्मीरी पंडितों के ऊपर बनी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को लेकर देशभर में घमासान मचा हुआ है। एक तरफ कई बीजेपी शासित राज्यों में इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है तो वहीं कई राज्यों में इस फिल्म का विरोध भी जबरदस्त हो रहा है। ऐसे में फिल्म को लेकर बॉलीवुड भी दो हिस्सों में बंटा हुआ नजर आ रहा है। अभी तक कई सेलिब्रिटी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। इस बीच एक्ट्रेस यामी गौतम ने भी फिल्म की तारीफ की है।

यामी ने फिल्म को देखने के बाद दी यह प्रतिक्रिया
दरअसल, यामी गौतम ने सोमवार को यह फिल्म देखी और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस से अपील की है कि वो भी जाकर इस फिल्म को देखें। फिल्म को लेकर यामी गौतम ने कहा है, "एक कश्मीरी पंडित की पत्नी होने के नाते मैं इस शांतिप्रिय समुदाय पर हुए अत्याचारों के बारे में पहले से जानती थी, लेकिन देश के अधिकांश लोग अभी भी इस सच्चाई से अनजान हैं, सच्चाई जानने में उन लोगों को 32 साल लगे। 32 साल बाद उस सच्चाई को लेकर एक और फिल्म बनी है, कृप्या इस फिल्म को जरूर देखें और इसका समर्थन करें।"

यामी के पति भी फिल्म देखने के बाद हुए भावुक
आपको बता दें कि यामी के साथ-साथ उनके पति आदित्य धर ने भी यह फिल्म देखी है और वो इस फिल्म को देखने के बाद काफी भावुक भी हुए हैं। 'द कश्मीर फाइल्स' को देखने के बाद आदित्य धर ने भी सोशल मीडिया पर रिकक्शन दिया। ट्विटर पर उन्होंने एक लंबी-चौड़ी पोस्ट के जरिए अपनी भावनाएं शेयर की हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा है कि आपने अभी तक कश्मीरी पंडितों के टूटते हुए घरों के कई वीडियो देखे होंगे, लेकिन इस फिल्म में दिखाई गईं भावनाएं वास्तविक हैं। इसमें दिखाया है कि हमने एक समुदाय के रूप में अपने दर्द और त्रासदी को कब तक दबाए रखा।

यामी गौतम के पति हैं कश्मीर पंडित
आपको बता दें कि यामी गौतम के पति आदित्य धर एक कश्मीरी पंडित हैं। साथ ही वो बॉलीवुड में राइटर और फिल्म डायरेक्टर भी हैं। पिछले साल जून में यामी और आदित्य की शादी हुई थी। फिल्म उरी द सर्जिकल स्ट्राइक को आदित्य धर ने ही डायरेक्ट किया था और दोनों के बीच अफेयर भी वहीं से शुरू हुआ था। काफी समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद जून 2021 में दोनों ने शादी कर ली थी।

क्यों विवाद हो रहा है द कश्मीर फाइल्स मूवी पर?
आपको बता दें कि 'द कश्मीर फाइल्स' में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी जैसे कई कलाकार शामिल हैं। इस फिल्म की कहानी विवेक अग्निहोत्री ने लिखी है और इसका निर्देशन भी उन्होंने ही किया है। फिल्म की कहानी कश्मीरी पंडितों के हत्याकांड पर आधारित है, जो 19 जनवरी 1990 को घाटी में हुआ था। इस दिन आतंकियों ने कश्मीरी पंडितों का नरसंहार किया था। सैंकड़ों कश्मीरियों को एक साथ गोली मार मौत के घाट उतार दिया गया था, लेकिन इस फिल्म को लेकर विवाद इस बात का है कि फिल्म को यही कहा जा रहा है कि इसमें एक खास समुदाय को निशाना बनाया गया है। फिल्म का विरोध करने वाले लोगों का दावा है कि इस फिल्म के जरिए नफरत फैलाने का काम किया जा रहा है। साथ दिल्ली जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी की भी छवि को खराब करने का काम किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications