Shilpa Shetty ने क्यों बंद किया अपना रेस्तरां Bastian Bandra? क्या है इसके पीछे की कहानी
Shilpa Shetty Bastian Bandra Closure: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कुछ हफ्ते पहले ही आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दोनों के खिलाफ 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। इसी बीच शिल्पा ने अपने मशहूर रेस्टोरेंट 'बास्टियन बांद्रा' को बंद करने का ऐलान किया है।
2016 में लॉन्च हुआ यह रेस्टोरेंट मुंबई की नाइटलाइफ का अहम हिस्सा बन चुका था। शिल्पा ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को इस फैसले की जानकारी दी और बताया कि जल्द ही इसका नया रूप 'बास्टियन एट द टॉप' के तहत पेश किया जाएगा।

मुंबई के 'हॉटस्पॉट' में शुमार था यह रेस्टोरेंट
मुंबई में 2016 में शुरू हुआ 'बास्टियन बांद्रा' न केवल खाने के लिए बल्कि फिल्मी सितारों और बिजनेस जगत की हस्तियों के लिए मिलने-जुलने का अहम स्थल बन गया था। खासकर सी-फूड के लिए मशहूर यह रेस्टोरेंट समय के साथ शहर की नाइटलाइफ का प्रतीक बन गया। शिल्पा शेट्टी और रंजीत बिंद्रा की पार्टनरशिप में शुरू हुआ यह रेस्टोरेंट मुंबई के 'हॉटस्पॉट' में शुमार था।
'बास्टियन एट द टॉप' के साथ नए अध्याय की शुरुआत की
शिल्पा ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि यह गुरुवार मुंबई के लिए एक युग का अंत होगा। उन्होंने कहा, 'बास्टियन ने हमें और शहर को अनगिनत यादें दी हैं। इस मौके पर हम एक खास नाइट आयोजित करेंगे, जिसमें पुराने ग्राहकों और दोस्तों के साथ इन यादों को सेलिब्रेट किया जाएगा।' इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बास्टियन ब्रांड पूरी तरह खत्म नहीं होगा। इसके नए चैप्टर के तहत बास्टियन एट द टॉप नाम से नई ऊर्जा और अनुभव के साथ रेस्टोरेंट को फिर से पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़ें Shilpa Shetty: 150 करोड़ की संपत्ति, मुंबई-दुबई में बंगले, कहां से होती है शिल्पा शेट्टी की कमाई?
शिल्पा और राज कुंद्रा पर 60.4 करोड़ ठगी का आरोप
इस ऐलान के बीच शिल्पा और राज कुंद्रा पर 60.4 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप भी है। मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी ने शिकायत में कहा कि यह राशि 2015 से 2023 के बीच निवेश और लोन के रूप में दी गई थी, लेकिन कथित तौर पर इसे व्यक्तिगत खर्चों में इस्तेमाल किया गया। मामला 'बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड' नामक कंपनी से जुड़ा है, जो अब बंद हो चुकी है।
शिल्पा और राज के वकील प्रशांत पाटिल ने इस मामले पर बयान जारी कर इसे पुराने सिविल लेन-देन का मामला बताया। उन्होंने कहा कि 2024 में एनसीएलटी मुंबई में इसका ट्रायल हो चुका है और इसमें कोई आपराधिक पहलू नहीं है। पाटिल ने यह भी कहा कि सभी ऑडिट दस्तावेज़ और कैश फ्लो स्टेटमेंट जांच एजेंसियों को समय-समय पर सौंपे जा चुके हैं।
ये भी पढ़ें Shilpa Shetty और Raj Kundra ने की 60 करोड़ की धोखाधड़ी? केस दर्ज, जानिए क्या है मामला?












Click it and Unblock the Notifications