कौन हैं अयोध्या के रहने वाले ऋषि सिंह, जो बनें Indian Idol 13 के विनर, विराट कोहली भी इंस्टा पर करते हैं फॉलो
Meet Rishi Singh Indian Idol 13 Winner: उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले 21 वर्षीय ऋषि सिंह इंडियन आइडल सीजन 13 का विजेता बन गए हैं। उनको एक चमचमाती ट्रॉफी के साथ, 25 लाख रुपये और एक कार भी मिली है।

Meet Rishi Singh Indian Idol 13 Winner: उत्तर प्रदेश के रामनगरी अयोध्या के रहने वाले ऋषि सिंह सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन 13 के विजेता बन गए हैं। अयोध्या के रहने वाले ऋषि ने कोलकाता की देबोस्मिता रॉय को हराकर इंडियन आइडल की ट्रॉफी जीती है। इंडियन आइडल की चमचमाती ट्रॉफी के साथ ऋषि को 25 लाख रुपये की इनाम राशि भी मिली है। इतना ही नहीं इसके साथ ऋषि को एक चमचमाती नई कार भी मिली है। 21 साल के ऋषि सिंह अयोध्या के एक मिडिल क्लॉस के परिवार से संबंध रखते हैं। उन्होंने हाल ही में 12वीं पास की है। ऋषि बचपन से ही संगीत का शौक था। आइए जानें ऋषि सिंह के बारे में?

कौन हैं अयोध्या ऋषि सिंह
ऋषि सिंह उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले हैं। उनकी उम्र 21 साल है और उन्होंने अब तक 12वीं तक की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह इंडियन आइडल सीजन 13 के विजेता बन गए हैं। इंडियन आइडल सीजन 13 में बतौर कंटेस्टेंट आने के बाद ऋषि सिंह सोशल मीडिया पर मशहूर हुए हैं। फिलहाल ऋषि सिंह ने किसी फिल्म और प्रोफेशनल एल्बम में गाने गाए हैं। उनका पेशेवर गायकी में कोई बैकग्राउंड नहीं है।
ऋषि सिंह ने इंडियन आइडल सीजन 11 के लिए भी ऑडिशन दिया था। लेकिन वह ऑडिशन के चौथे राउंड से ही आउट हो गए थे। ऋषि सिंह अयोध्या में रामकथा म्यूजियम के कॉन्सर्ट में भी परफॉर्म कर चुके हैं। ऋषि सिंह अक्टूबर 2022 में कपिल शर्मा शो में भी दिखे थे।

विराट कोहली भी हैं ऋषि सिंह के फैन
आपको जानकार हैरानी होगी कि भारतीय क्रिकेटर से स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ऋषि सिंह के फैन हैं। जी हां, विराट कोहली को ऋषि सिंह की गायिकी इतनी पसंद है कि वह इंस्टाग्राम पर ऋषि सिंह को फॉलो करते हैं। विराट कोहली इंस्टाग्राम पर 275 लोगों को फॉलो करते हैं, उसमें से एक ऋषि सिंह हैं।
इंडियन आइडल के एक एपिसोड में शो के होस्ट आदित्य नारायण ये जानकारी दी थी कि ऋषि सिंह को विराट कोहली फॉलो करने लगे हैं। ऋषि सिंह ने कहा था कि उनको यकीन नहीं हो रहा है कि विराट कोहली उनको फॉलो कर रहे हैं।

शो जीतने के बाद क्या बोले ऋषि सिंह
इंडियन आइडल को जीतने के बाद ऋषि सिंह ने कहा, ''मैं जीत के बारे में सुनकर खुद को कंट्रोल नहीं कर पाया। मेरी आंखों में आंसू आ गए थे क्योंकि मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की थी। जब मैंने शो हिस्सा लिया था तो बस ये सोचा था कि आखिर तक शो में जाऊं। भले ही मैं शुरू से ही सोशल मीडिया पर फेमस हो गया था लेकिन ये कॉम्पिटिशन आसान नहीं था। खासकर फर्स्ट रनर-अप रहीं देबोस्मिता रॉय को मात देना आसान नहीं था। इसलिए, मैंने हमेशा सोचा कि कोई भी विजेता हो सकता है।"

25 लाख रुपये का क्या करेंगे ऋषि सिंह?
शो में जीते गए 25 लाख की पुरस्कार राशि के बारे में ऋषि सिंह ने कहा, ''मैं इस पैसे से अपने म्यूजिक को सीखने और विकसित करने के लिए इंटरनेशनल लेवल की यात्रा करूंगा। एक कलाकार के तौर पर मेरी चाहत सिर्फ कुछ नया सीखने की है। मैं चाहता हूं कि मैं इंटरनेशनल लेवल पर परफॉर्मेंस करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि इतनी कामयाबी मिले कि एक दिन में मैं वापस इंडियन आइडल में जज बनकर आऊं। मुझे शो के दौरान कई प्लेबैक ऑफर मिले हैं, उन सारे कामों को मैं पूरा करूंगा।''

जानिए ऋषि सिंह के परिवार के बारे में?
ऋषि सिंह मंगलवार को अयोध्या लौटने वाले हैं। अपने अब तक के सफर के बारे में बात करते हुए ऋषि सिंह ने कहा, ''मैं अयोध्या में पैदा हुआ और पला-बढ़ा हूं और मैंने अभी-अभी Humanities स्ट्रीम से बारहवीं कक्षा पूरी की है। ये विषय मैंने इसलिए लिया क्योंकि मुझे कॉर्मस और साइंस पसंद नहीं है। इसके अलावा चूंकि संगीत मेरी पहले दिन से ही प्राथमिकता थी, इसलिए मैंने जानबूझकर ऐसे सबजेक्ट में पढ़ाई की है। चूंकि मुझे अपने परिवार का पूरा सपोर्ट मिला है। इसलिए मैं अपनी पढ़ाई के साथ-साथ सिंगर बनने के सपने और जुनून को पूरा कर रहा हूं। मेरे लिए पढ़ाई से पहले भी संगीत है।''

'मेरे घर में किसी को संगीत का कोई नॉलेज नहीं है...'
ऋषि सिंह के विनर बनने पर परिवार की कैसी प्रतिक्रिया है...? इसपर ऋषि सिंह कहते हैं, ''मेरा पूरा परिवार आज भी यह देखकर हैरान है कि कैसे मैं विनर बन गया। मेरा परिवार सोच रहा है कि जिस घर में संगीत का ज्ञान और समझ बिल्कुल शून्य है, वैसे में मैं इतना अच्छा कैसे गा सकता हूं। शॉर्ट में बोलूं तो मैं अपने परिवार में संगीत में दिलचस्पी लेने वाला अकेला हूं। मेरे घर में हर कोई ये जानने की कोशिश में लग गया कि कोई दादा या परदादा होंगे, जिनका संगीत से कुछ संबंध होगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं निकला। मेरे माता-पिता मेरा सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम रहे हैं।''












Click it and Unblock the Notifications