MasterChef India 7: कौन हैं मास्टरशेफ इंडिया के विनर Nayanjyoti Saikia, ट्रॉफी के साथ 25 लाख मिली प्राइज मनी
MasterChef India 7 winner Nayanjyoti Saikia: मास्टरशेफ इंडिया सीजन 7 के विजेता असम के नयनज्योति सैकिया बने हैं। नयनज्योति सैकिया असम के तिनसुकिया के रहने वाले हैं।

MasterChef India 7 winner Nayanjyoti Saikia: सोनी चैनल पर आने वाला कुकिंग रियलिटी शो मास्टरशेफ इंडिया सीजन 7 के विजेता असम के नयनज्योति सैकिया बने हैं। लगभग तीन महीने के बाद मास्टरशेफ इंडिया सीजन 7 का फिनाले हुआ और असम के रहने वाले नयनज्योति सैकिया मास्टरशेफ इंडिया के विनर बने। वहीं फर्स्ट रनर-अप संता सरमाह और सेकेंड रनर-अप सुवर्णा बागुल रहीं।
मास्टरशेफ इंडिया के फिनाले एपिसोड की फाइनल जजिंग जाने-माने शेफ और टीवी पर्सनैलिटी संजीव कपूर ने की, जहां हर कंटेस्टेंट्स को तीन डिशेज बनानी थीं। इन सभी चुनौतियों को पार कर असम के तिनसुकिया के एक छोटे से गांव के रहने वाले नयनज्योति मास्टरशेफ इंडिया-7 के विनर बने और चमचमाती ट्रॉफी के साथ 25 लाख रुपये की प्राइज मनी घर ले गए।
नयनज्योति ने मास्टरशेफ इंडिया का विनर बनने पर क्या कहा?
नयनज्योति सैकिया ने अपनी जीत के बाद इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा, ''मेरा एक सीधा-सा सपना था और वह था मास्टरशेफ इंडिया जाकर खाना बनाना, लेकिन अब मुझे लगता है कि मेरे जीवन के सभी सपने और लक्ष्य पूरे हो गए हैं। मैं न केवल मास्टरशेफ में आया, यहां कुकिंग की, बल्कि पहली बार मैंने अपना नाम लिखा हुआ एप्रन भी पहना। इस कुकिंग रियलिटी शो को जीतना मुझे अभी भी सपने जैसा लग रहा है। मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि मैं मास्टरशेफ इंडिया का विनर बन गया हूं।''

नयनज्योति सैकिया ने आगे कहा, '' मुझे अपने आप पर शक था कि मैं ये ट्रॉफी जीत भी पाऊंगा या नहीं। लेकिन तीनों जजों ने मुझे बहुत प्रेरित किया है। खासकर शेफ विकास खन्ना जिन्होंने ऑडिशन के दिन से ही मेरी बहुत मदद की है। सबसे बड़ी बात यह है कि मेरे पापा इससे बहुत खुश हैं। मेरे पापा नहीं चाहते थे कि मैं एक शेफ बनूं और खाना पकाऊं। लेकिन आज मेरे पापा को मुझपर गर्व है।'

कौन हैं नयनज्योति सैकिया
नयनज्योति सैकिया 26 साल के असम के तिनसुकिया के एक छोटे से गांव के रहने वाले हैं। नयनज्योति सैकिया को मास्टरशेफ में सबसे ज्यादा प्रशंसा उनके स्वीट डिश के लिए मिली है। नयनज्योति सैकिया अपने इंस्टाग्राम पेज पर अपने डिश की तस्वीरें शेयर करते रहते हैं।
नयनज्योति ने बिना किसी प्रोफेशनल क्लासेस के खुद ही खाना बनाने को सीखा है। उन्होंने खुद ही एक्सपीरिमेंट करके खाना बनाना सीखा है। नयनज्योति ने गुवाहाटी से गिरिजानंद चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टैक्नोलॉजी से ग्रेजुएट हैं।
ये पहला कुकिंग शो नहीं है जो नयनज्योति सैकिया ने जीता है। इससे पहले नयनज्योति सैकिया ने साल 2020 में नॉर्थ ईस्ट कुकिंग चैंपियनशिप में फर्स्ट प्राइज जीता था।

'नयनज्योति के पिता नहीं चाहते थे कि वो शेफ बने'
नयनज्योति के पिता ने शुरू में अपने बेटे के शेफ बनने के फैसले के खिलाफ थे। वह नहीं चाहते थे कि नयनज्योति खाना बनाए और शेफ का काम करें। लेकिन जब जज विकास खन्ना और रणवीर बराड़ नयनज्योति के घर गए, तो उनके पिता नयनज्योति और उनके सपनों को लेकर थोड़ा और आश्वस्त हुए।
विकास खन्ना ने नयनज्योति के बारे में कहा था, ''मुझे अभी भी तिनसुकिया के डरे और सहमे हुए नयनज्योति याद हैं, जब मैं उनके घर गया था। मैं उनकी दृष्टि और रचनात्मकता से बहुत प्रभावित हुआ था। मुझे शुरुआत से इस बात का पता था कि वह भोजन को कला में कैसे बदल सकते हैं। मैं उनके सोशल मीडिया पोस्ट से बहुत प्रभावित हुआ था। इसलिए मैंने फैसला किया था कि वह मास्टरशेफ इंडिया के लिए सही हैं।"












Click it and Unblock the Notifications