'आप नहीं जानते कि मेरे लिए आप क्या हो...', मेन्स डे पर तुनिषा ने खुलकर किया था शीजान के लिए प्यार का इजहार
तुनिषा शर्मा के कथित आत्महत्या के बाद से कई तथ्य सामने आए हैं। इसी बीच जब हमने तुनिषा का इंस्टाग्राम प्रोफाइल देखा तो पाया कि तुनिषा अपने और शीजान के रिश्ते को लेकर कई पोस्ट में लिख चुकी थीं।

Tunisha Sharma Sheezan Mohammed Khan: टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा का महज 20 साल की उम्र में दुनिया छोड़कर चले जाना, हर किसी के लिए सदमे जैसा है। तुनिषा शर्मा ने 24 दिसंबर 2022 को नायगांव में टीवी शो 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' के सेट पर अपने को-एक्टर और पूर्व प्रेमी शीजान मोहम्मद खान के मेकअप रूम में एक पट्टे से फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। तुनिषा शर्मा की मौत के बाद से इस केस में कई एंगल सामने आ रहे हैं। तुनिषा की मां ने आत्महत्या के लिए उकसाने का शीजान खान पर आरोप लगाया है, जिसके बाद अभिनेता को 4 दिनों के लिए हिरासत में भेज दिया गया है। तुनिषा की मां ने पुलिस को बताया है कि तुनिषा और शीजान का 15 दिनों पहले ब्रेकअप हुआ था, जिसके बाद से उनकी बेटी डिप्रेशन में थीं और नींद की गोलियां खा रही थीं। इसी बीच जब हमने तुनिषा का इंस्टाग्राम प्रोफाइल देखा तो पाया कि तुनिषा अपने और शीजान के रिश्ते को लेकर कई पोस्ट में लिख चुकी थीं।

इंस्टा पर शीजान के लिए अपने प्यार का तुनिषा ने कई बार किया इजहार
तुनिषा ने अपने इंस्टाग्राम पर शीजान के साथ 9 दिसंबर 2022 को एक फोटो शेयर की थी, जिसमें तुनिषा, शीजान के अलावा शीजान की बहन फलक नाज भी दिख रही हैं। बता दें कि फलक नाज टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और शीजान की बहन भी हैं। इस पोस्ट में तुनिषा फलक नाज के जन्मदिन पर बिताए पलों को याद कर रही हैं।
इसके अलावा तुनिषा 19 नवंबर यानी इंटरनेशनल मेन्स डे के दिन तुनिषा ने एक लंबे-चौड़े पोस्ट में शीजान के लिए अपने प्यार का जिक्र किया था। इसके अलावा एक अन्य पोस्ट में तुनिषा ने शीजान को 'लव ऑफ लाइफ' कहा है।

'मेरी जिंदगी का सबसे खूबसूरत हिस्सा हो आप शीजान'
तुनिषा शर्मा ने शीजान खान को इंटरनेशनल मेन्स डे शीजान खान को टैग करते हुए लिखा था, ''हैप्पी इंटरनेशनल मेन्स डे, उस आदमी को मुझे इस तरह ऊपर उठाता है! मेरी जिंदगी में सबसे मेहनती,
जोशीला, बहुत ज्यादा उत्साही, सबसे खूबसूरत आदमी हो तुम। आप नहीं जानते कि आप मेरे लिए क्या हो, आप मेरी जिंदगी का सबसे खूबसूरत हिस्सा हो शीजान खान''
तुनिषा शर्मा ने आगे लिखा, ''एक व्यक्ति अपने परिवार और समाज के लिए जो योगदान और बलिदान देता है, उसे पहचानने और उसका सम्मान करने का समय आ गया है! सभी अच्छे पुरुषों को इंटरनेशनल मेन्स डे की शुभकामनाएं!''

तुनिषा शर्मा ने हाल ही में किया था उदासी भरा पोस्ट
तुनिषा शर्मा के आखिरी तीन इंस्टा पोस्ट की बात करें तो तीनों पोस्ट जिंदगी को सीख देने वाली कोटेशन पर आधारित है। तुनिषा शर्मा ने 24 दिसंबर को आत्महत्या से पहले एक पोस्ट किया, जिसमें वह स्क्रिप्ट पढ़ती नजर आ रही हैं। फोटो को शेयर कर तुनिषा लिखती हैं, ''जो अपने काम को लेकर जुनून से प्रेरित होते हैं, वो रुकते नहीं हैं।''
20 दिसंबर को किए अपने पोस्ट में तुनिषा ने अपनी एक हंसती हुई सेल्फी शेयर की है और लिखा है, ''बस इस पल में खुश रहो, यही काफी है।'' 13 दिसंबर को किए अपने पोस्ट में तुनिषा लिखती हैं, ''छांव है कभी-कभी, कभी धूप है जिंदगी।''

ब्रेकअप के बाद डिप्रेशन में थी तुनिषा
मुंबई पुलिस एसीपी चंद्रकांत जाधव ने कहा, ''तुनिषा शर्मा एक टीवी शो में बतौर एक्ट्रेस काम करती थीं। तुनिषा शर्मा और शीजान खान का प्रेम संबंध था। 15 दिन पहले उनका ब्रेकअप हुआ था जिसके बाद तुनिषा ने अपने शो के सेट पर आत्महत्या कर ली।''
एसीपी चंद्रकांत जाधव ने कहा, ''शीजान खान 4 दिनों की पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस हर एंगल से जांच करेगी। मौत की वजह हैंगिंग है। तुनिषा की मां ने कहा कि ब्रेकअप के कारण उनकी बेटी ने फांसी लगाई है। तुनिषा ने खुद को एक पट्टी से शीजान के मेकअप रूप में लटका लिया था।''

FIR में किन-किन बातों का जिक्र
-तुनिषा शर्मा की मां ने शीजान खान पर आत्महत्या का उकसाने का आरोप लगाया है। मां ने एफआईआर में कहा है कि तुनिषा शर्मा ने ब्रेकअप की वजह से फांसी लगा ली है।
-एफआईआर में तुनिषा शर्मा और शीजान के रिलेशनशिप का जिक्रे है।
-मां ने बताया दोनों का 15 दिनों पहले ब्रेकअप हुआ था।
-एफआईआर में तुनिषा शर्मा के डिप्रेशन और नींद की गोलियां खाने का भी जिक्र है।












Click it and Unblock the Notifications