सिर्फ 100 रुपए में देख सकेंगे फिल्म 'जनहित में जारी', ये है कारण
फिल्म 'जनहित में जारी' के टिकट की कीमत पहले दिन के लिए सिर्फ 100 रुपये रखी गई है।
मुंबई, 6 जूनः कोरोना काल के बाद से एक बार फिर से बॉलीवुड फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर कुछ न कुछ कमाल करने के लिए फिल्म मेकर्स कई तरह के ट्रिक्स अपनाते नजर आ रहे हैं। हर बड़ी फिल्म से पहले सिनेमाघरों के टिकटों के दाम काफी ज्यादा बढ़ाने के चलन को कार्तिक आर्यन की फिल्म 'भूल भुलैया 2 से टी सीरीज ने बंद कर दिया। ऐसे में टी सीरीज से अलग होने के बाद अपना खुद का स्टूडियो खोल चुके निर्माता विनोद भानुशाली ने इससे दो कदम और आगे जाने का फैसला किया है। उनके स्टूडियो की पहली फिल्म 'जनहित में जारी' के टिकट की कीमत पहले दिन के लिए सिर्फ 100 रुपये रखी गई है। विनोद भानुशाली के मुताबिक इसके पीछे का उद्देश्य फिल्म को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाना है ताकि आज के लिए जरूरी एक सही बात लोगों तक मनोरंजन के रूप में आसानी से पहुंच सके।
टाइटल ट्रैक हुआ रिलीज
फिल्म 'जनहित में जारी' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही फिल्म सुर्खियों में छाई हुई है। सोशल मीडिया पर इस फिल्म का ट्रेलर ट्रेंड कर रहा है। हर इलाके में इसके पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं। फिल्म के पहले गाने ने भी रिलीज होने के बाद लोगों में इस मूवी को लेकर उत्सुक्ता और बढ़ा दी है। अब इस फिल्म का टाइटल ट्रैक भी रिलीज हो गया है। स्वैग से भरे इस टाइटल ट्रैक को रफ्तार और नकाश अजीज ने गाया है। यह गाना महिला सशक्तिकरण को दर्शाता है।

100 रुपए में मिलेगी टिकट
फिल्म 'जनहित में जारी' के इस टाइटल ट्रैक के लॉन्च के मौके पर ही फिल्म के निर्माताओं विनोद भानुशाली और राज शांडिल्य ने फिल्म की टिकट की कीमत 100 रुपए रखने का ऐलान किया था। आपको बता दें कि फिल्म के टिकट पहले शुक्रवार को पूरे देश में सिर्फ 100 रुपये में उपलब्ध होंगे। इससे पहले मई महीने में रिलीज हुई कार्तिक आर्यन की फिल्म 'भूल भुलैया 2' की कामयाबी की बड़ी वजह यही रही है कि इस फिल्म की कीमत भी बहुत कम रखी गई। हालांकि रिलीज होने के बाद पहले सप्ताह तक फिल्मों की टिकट की कीमत काफी ज्यादा होती है जो कि 'भूल भुलैया 2' के लिए नहीं रखी गई थी।

टिकट की कम कीमत से मेकर्स को फायदा
इस फिल्म को बढ़े हुए दामों पर रिलीज नहीं किया गया। फिल्म ''भूल भुलैया 2 की टिकटों की कीमत 200 से 250 रुपए के बीच ही रखी गई थी जिसका फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला। लोग ज्यादा तादाद में फिल्म देखने के लिए अपने परिवार और दोस्तों के साथ पहुंचें।
जनहित में जारी कर रहा ट्रेंड
वहीं फिल्म 'जनहित में जारी' के बारे में इसके मेकर्स कहते हैं कि ये मूवी हंसी और विचारोत्तेजक कहानी का एक आदर्श पैकेज है। दर्शकों ने फिल्म के ट्रेलर पर खूब प्यार बरसाया है और ऐसे में इस फिल्म की टिकट को पहले दिन 100 रुपए रखना दर्शकों को लिए एक गिफ्ट के तौर पर है। 'जनहित में जारी एक ऐसी कहानी है जिसे हर घर तक पहुंचाने की जरूरत है। फिल्म मेकर्स ने कहा- हमारे विचार में साथ देने के लिए हम अपने मल्टीप्लेक्स पार्टनर्स के आभारी हैं। हमें उम्मीद है कि हमारे दर्शक पहले दिन 100 रुपये जैसे कम कीमत में भी अपना भरपूर मनोरंजन कर सकेंगे। इस फिल्म में लीड रोल में एक्ट्रेस नुसरत भरूचा नजर आएंगी। ये फिल्म 10 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications