विक्की-कैट की शादी की तैयारियों में जुटे सवाई माधोपुर के अफसर, जानिए कलेक्टर-एसपी की भूमिका
सवाई माधोपुर, 4 दिसम्बर। भारत में साल 2021 की सबसे चर्चित शादी में से एक बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ और अभिनेता विक्की कौशल की है। इनकी शादी राजस्थान के सवाई माधोपुर के रणथंभौर स्थित होटल सिक्स सेंस बरवाड़ा फोर्ट में 7 से 10 दिसम्बर के बीच होगी।
Recommended Video

सवाई माधोपुर जिला प्रशासन बना मेजबान
विक्की-कैफ की शादी के लिए होटल प्रबंधन ने खासी तैयारी की है। यही नहीं बल्कि इस मामले में सवाई माधोपुर के जिला कलेक्टर आईएएस अधिकारी राजेंद्र किशन और पुलिस अधीक्षक आईपीएस अधिकारी राजेश सिंह ने अपने अधिकारियों को कई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

जिला कलेक्टर ने ली बैठक
शुक्रवार को सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम राजेंद्र किशन की अध्यक्षता में अफसरों की बैठक हुई, जिसमें विक्की कौशल और कैटरीना कैफ की शादी के चलते भीड़ नियंत्रण व कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।

साफ सफाई, बिजली व पार्किंग पर चर्चा
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता वाली इस बैठक में पंचायत प्रशासन को साफ-सफाई, बिजली व पार्किंग की जिम्मेदारी सौंपी गई। शादी में शिरकत करने वाले विशेष मेहमानों को लाने ले जाने वाली कारों की पार्किंग की व्यवस्था मेला मैदान में की गई।

होटल रोड पर लगाए गए बैरिकेड
इसके अलावा शादी समारोह के चलते होटल रोड पर बैरिकेड भी लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सख्ती बरतने को कहा गया है।

120 मेहमानों की सूची सौंपी
सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर राजेंद्र किशन ने बताया कि विक्की कौशल व कैटरीना कैफ की शादी करवाने वाली इवेंट कंपनी ने उन्हें 120 मेहमानों की सूची सौंपी है। बैठक में एसपी राजेश सिंह, एडीएम सूरज सिंह नेगी, इवेंट कंपनी के प्रतिनिधि और होटल के कर्मचारियों व अन्य विभागों के अफसरों के साथ शादी की व्यवस्थाओं पर बातचीत की गई है।

कोरोना गाइडलाइन की करनी होगी पालना
विक्की-कैट की शादी में आने वाले को कोरोना महामारी के दिशा निर्देशों की भी पालना करनी होगी। सभी मेहमानों को कोरोनो के टीके की दोनों डोज लगी होनी जरूरी है। नॉन वैक्सीनेटेड मेहमानों को शादी में एंट्री नहीं दी जाएगी। 24 घंटे पुरानी आरटी पीसीआर रिपोर्ट भी दिखानी होगी।

कोड के जरिए मिलेगा प्रवेश
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अभी तक कबीर खान, निर्माता अमृत पाल सिंह बिंद्रा और आनंद तिवारी के शादी में पहुंचने की खबर है। शादी में शामिल होने वाले मेहमानों को एक कोड दिया जाएगा और उसी कोड के जरिए उन्हें होटल में ठहराने से लेकर दूसरी सुविधाएं दी जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications