Varun Dhawan Metro Video: मेट्रो में वरुण धवन ने किए 'पुल-अप्स', वायरल होने पर मुंबई मेट्रो ने लगाई क्लास
Varun Dhawan Metro Video Viral: बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन (Varun Dhawan) इन दिनों अपनी फिल्म 'बॉर्डर 2' (Border 2) की ब्लॉकबस्टर सफलता का आनंद ले रहे हैं, लेकिन हाल ही में उनके एक वीडियो ने उन्हें मुश्किलों में डाल दिया है।
दरअसल, अभिनेता वरुण धवन का एक नया वीडियो इंटरनेट पर सनसनी मचा रहा है। मुंबई के भारी ट्रैफिक से बचने के लिए वरुण ने मेट्रो का सहारा लिया, लेकिन सफर के दौरान उन्होंने कुछ ऐसा किया जिससे मुंबई मेट्रो प्रशासन नाराज हो गया।

वरुण मेट्रो के अंदर हैंडलबार (पकड़ने वाले डंडे) को पकड़कर 'पुल-अप्स' (Pull-ups) करते नजर आए।
Varun Dhawan Metro Video: क्या है पूरा मामला?
वरुण धवन अपनी फिल्म की सफलता के बाद एक थिएटर में सरप्राइज विजिट के लिए जा रहे थे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर कर फैंस से थिएटर का नाम गेस करने को कहा था। इसी दौरान एक वीडियो सामने आया जिसमें वरुण मेट्रो कोच के अंदर जिम की तरह एक्सरसाइज कर रहे थे। आसपास बैठे यात्री उन्हें हैरानी से देख रहे थे।
मुंबई मेट्रो (MMMOCL) की कड़ी प्रतिक्रिया
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) ने इसे अपने आधिकारिक हैंडल से रिशेयर किया और वरुण धवन को टैग करते हुए सुरक्षा परामर्श (Safety Advisory) जारी किया।
अथॉरिटी ने चुटकी लेते हुए लिखा- वरुण धवन, यह वीडियो आपकी एक्शन फिल्मों की तरह डिस्क्लेमर के साथ आना चाहिए था। महा मुंबई मेट्रो में ऐसा बिल्कुल न करें। हम समझते हैं कि दोस्तों के साथ मेट्रो में घूमना 'कूल' है, लेकिन ये ग्रैब हैंडल लटकने के लिए नहीं हैं।"
भारी जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान
मेट्रो प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की हरकतें 'मेट्रो रेलवे (संचालन और रखरखाव) अधिनियम, 2002' के तहत दंडनीय अपराध हैं। प्रशासन ने कहा मेट्रो के अंदर स्टंट करना सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की श्रेणी में आता है। अपराध की गंभीरता के आधार पर इसके लिए जुर्माना और जेल की सजा दोनों हो सकती है। अथॉरिटी ने लोगों से अपील की कि वे मेट्रो में जिम्मेदारी से यात्रा करें और ऐसे किसी भी कृत्य से बचें जिससे सुरक्षा को खतरा हो।
'बॉर्डर 2' का बॉक्स ऑफिस पर धमाल
विवादों से परे, वरुण धवन की फिल्म 'बॉर्डर 2' बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। ट्रेड एनालिस्ट के मुताबिक, सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर इस फिल्म ने अब तक ₹144.65 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है।












Click it and Unblock the Notifications