Vaishali Takkar: टीवी एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर की मौत के मामले में नया खुलासा, दोस्त ने बताई डिप्रेशन की बात
Vaishali Takkar: टीवी एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर की मौत के मामले में इंदौर पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। इसी बीच वैशाली ठक्कर के दोस्त और को-स्टार निशांत मलकानी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
Vaishali Takkar: टीवी के मशहूर सीरियलों में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर की मौत की खबर से सभी लोग सदमे में आ गए थे। आम लोगों से लेकर इंडस्ट्री सेलेब्स तक इस खबर से परेशान हो उठे थे। टीवी एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर की अचानक हुई मौत ने सबको सदमे में डाल दिया था। परिवार से लेकर टीवी इंडस्ट्री अभी तक शॉक में हैं। आपको बता दें कि 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' और 'ससुराल सिमर का' जैसे टीवी शोज में नजर आईं वैशाली ठक्कर ने गत 15 अक्टूबर को अपने घर पर सुसाइड कर लिया था। वैशाली ने सुसाइड नोट में पड़ोसी राहुल नवलानी और उसकी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया था। इंदौर पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उसकी पत्नी अभी भी फरार है। इसी बीच वैशाली ठक्कर के दोस्त और को-स्टार निशांत मलकानी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

दोस्त निशांत मलखानी ने खोले कई राज
निशांत मलखानी ने ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि वह जानते थे कि वैशाली ठक्कर का एक्स बॉयफ्रेंड और पड़ोसी राहुल नवलानी उन्हें परेशान कर रहा है। वैशाली ने उन्हें इस बारे में बताया था। हालांकि निशांत ने ये भी कहा कि वैशाली ने उन्हें इस बारे में किसी को भी बताने से मना किया था, इसलिए वह चुप थे। हालांकि वह नहीं जानते थे कि वैशाली इस तरह से परेशान होकर सुसाइड कर लेगी। निशांत ने कहा- मैं इस केस में पुलिस की हर संभव मदद करने के लिए तैयार हूं। वहीं निशांत ने वैशाली ठक्कर के डिप्रेशन में होने के बारे में भी बताया।

वैशाली डिप्रेशन में थीं, बहुत परेशान थी
निशांत मलकानी ने अपने इंटरव्यू में कहा- वैशाली बहुत परेशान रहने लगी थी। राहुल उसे मूव ऑन नहीं करने दे रहा था। ऐसे में वैशाली डिप्रेशन में आ गई थी। उसने एक सायकायट्रिस्ट की मदद भी ली थी। अब मुझे समझ आ रहा है कि वह क्यों इतनी चुपचाप हो गई थी। मुझे अब जाकर उसकी परेशानी की गहराई समझ आ रही है, जब पता चला कि राहुल उसके होने वाले पति को उसकी और अपनी इंटीमेट तस्वीरें दिखाना चाहता था। निशांत ने आगे कहा- इंटीमेसी के पल तब आते हैं जब आप एक रिलेशनशिप में होते हैं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि ब्रेकअप हो जाए तो आप उन तस्वीरों के जरिए पार्टनर को ब्लैकमेल करने लग जाएं।

सुसाइड से 4 दिन पहले किया था फोन
निशांत मलकानी ने बताया- सुसाइड से चार दिन पहले उनकी वैशाली के साथ बात हुई थी। तब वह वैशाली को यह कहकर चिढ़ा रहे थे कि उन्होंने काफी वजन घटा लिया है। तब वैशाली ने निशांत से कहा था कि वह शादी से पहले जल्दी ही मुंबई आएंगी और जो वजन घटाया है, उसे रिकवर कर लेंगी।

राहुल उसे ब्लैकमेल करता था
निशांत ने इंटरव्यू में कहा- जब वैशाली और राहुल ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था तब राहुल की शादी नहीं हुई थी। परिवारवालों की तरफ से कुछ दिक्कत थी, जिस वजह से वैशाली और राहुल शादी नहीं कर पाए थे। इसके बाद राहुल ने परिवार वालों की पसंद से किसी दिशा नाम की लड़की से शादी कर ली थी। शादी के बाद वह वैशाली को इमोशनली ब्लैकमेल करने लगा। उसने वैशाली को मूव ऑन नहीं करने दिया। वैशाली किसी ऐसे इंसान के साथ अपना घर बसाना चाहती थी, जो उसकी बहुत केयर करे।

नवंबर में होने वाली थी वैशाली की शादी
निशांत ने बताया- आखिरकार वैशाली को मितेश मिल गया और उसकी इस साल नवंबर में शादी भी होने वाली थी। वैशाली बहुत ही खुश थी। दूसरी तरफ राहुल दो बच्चों का बाप है, लेकिन वह वैशाली को आगे बढ़ने ही नहीं दे रहा था। वहीं राहुल की पत्नी दिशा भी हर गलत चीज के लिए वैशाली को ही जिम्मेदार ठहराती रही। वह अपने पति को कुछ नहीं कहती थी।

राहुल से पुलिस कर रही है पूछताछ
आपको बता दें कि वैशाली ठक्कर और निशांत मलकानी ने एक साथ टीवी शो 'रक्षा बंधन' में काम किया था। इस शो में दोनों पति-पत्नी के रोल में थे। वहीं इंदौर पुलिस राहुल को कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ में अभी तक राहुल खुद को निर्दोष ही बता रहा है जबकि उसकी पत्नी अब तक फरार है। राहुल से जब इस बारे में पूछा गया तो उसने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। राहुल ने पुलिस को बताया है कि वह और पत्नी दिशा अलग-अलग फरार हुए थे।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications