अनुराग डोभाल ने लाइव आकर की जान देने की कोशिश, हुआ भीषण एक्सीडेंट, मैनेजर ने बताई कैसी है तबीयत
यूट्यूबर और 'बिग बॉस' फेम अनुराग डोभाल को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने तेज रफ्तार में अपनी फॉर्च्यूनर कार डिवाइडर से टकरा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

इंस्टाग्राम लाइव में दिखाई दी 'आखिरी राइड'
इस घटना से पहले अनुराग डोभाल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसे उन्होंने 'अपनी आखिरी राइड' बताया था। इस लाइव वीडियो में वह तेज रफ्तार में कार चलाते नजर आए। वीडियो के दौरान अचानक जोरदार टक्कर की आवाज आई और लाइव वीडियो वहीं खत्म हो गया।
हालांकि इस हादसे में उनकी जान बच गई, लेकिन चोट लगने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
मैनेजर ने दी स्वास्थ्य की जानकारी
अनुराग के मैनेजर रोहित पांडेय ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी सेहत को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में बताया कि अनुराग फिलहाल आईसीयू में हैं।
रोहित पांडेय ने लिखा, "वह अभी आईसीयू में हैं। आप सभी से अनुरोध है कि उनके लिए दुआ करें। हम डॉक्टरों के संपर्क में हैं। उन सभी लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने उनकी लोकेशन पता करके समय पर मदद पहुंचाई।"
फैंस की मदद का जताया आभार
रोहित पांडेय ने कहा कि अक्सर लोग कहते हैं कि सोशल मीडिया के फॉलोअर्स असली नहीं होते, लेकिन इस घटना में कई फैंस ने उनकी मदद करके यह साबित कर दिया कि वे सच में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अनुराग का पूरा ख्याल रखेंगे और उन्हें कुछ होने नहीं देंगे।
अफवाहों से बचने की अपील
हादसे के बाद रोहित पांडेय ने एक आधिकारिक बयान भी जारी किया। उन्होंने कहा कि अनुराग फिलहाल अस्पताल में मेडिकल ऑब्जर्वेशन में हैं। उन्होंने लोगों से बार-बार फोन न करने और अफवाहों से बचने की अपील की। साथ ही बताया कि अनुराग के इंस्टाग्राम अकाउंट पर ही सही जानकारी दी जाएगी।
पहले भी कर चुके हैं निजी परेशानियों का जिक्र
गौरतलब है कि कुछ समय पहले अनुराग डोभाल ने अपने एक व्लॉग में परिवार से जुड़ी समस्याओं का जिक्र किया था। उन्होंने अपने माता-पिता और भाई पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इसके अलावा उन्होंने बताया था कि उनकी पत्नी रितिका चौहान बच्चों के साथ उनसे अलग रह रही हैं। उस समय भी उन्होंने अपने जीवन को लेकर निराशा जाहिर की थी, जिससे उनके फैंस काफी चिंतित हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications