कौन हैं फिरदौस इब्राहिम बलोच? हाथ पर गोली लगने के बाद भी कैसे बचाई Tiger Shroff की जान? 28 साल से हैं साथ

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनके ड्राइवर और केयरटेकर फिरदौस इब्राहिम बलोच की बहादुरी की चर्चा हो रही है। गत 18 अक्टूबर 2026 (रविवार) शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉप की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें एक्टर के ड्राइवर और केयरटेकर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लग गई।

टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई 7 राउंड फायरिंग
इस दौरान टाइगर श्रॉफ भी घायल हुए लेकिन उनकी चोटें मुख्य रूप से टूटे हुए शीशे और गनपाउडर के कारण बताई गई हैं। घटना के बाद एक्टर ने खुद कार की ड्राइविंग सीट संभाली और घायल फिरदौस को पहले पुलिस स्टेशन और फिर अस्पताल पहुंचाया। करीब 28 साल से श्रॉफ परिवार के साथ जुड़े फिरदौस केवल ड्राइवर नहीं बल्कि परिवार के भरोसेमंद सदस्य की तरह हैं। दूसरी तरफ हमले के बाद टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tiger Shroff Firing Case

कौन हैं फिरदौस इब्राहिम बलोच? 28 साल से हैं श्रॉफ परिवार के साथ?

-फिरदौस इब्राहिम बलोच मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहते हैं। बताया जाता है कि वह करीब 20 साल की उम्र में श्रॉफ परिवार से जुड़े थे। तब से लेकर आज तक उन्होंने जैकी श्रॉफ, आयशा श्रॉफ, टाइगर श्रॉफ और उनकी बहन कृष्णा श्रॉफ के साथ काम किया है।

-शुरुआत में उन्होंने परिवार के ड्राइवर के तौर पर काम संभाला था लेकिन वक्त के साथ उनकी जिम्मेदारियां बढ़ती गईं। वह टाइगर श्रॉफ के ड्राइविंग संबंधी कामों के साथ-साथ उनके केयरटेकर की भूमिका भी निभाते हैं। लंबे समय से परिवार के साथ जुड़े होने के कारण उन्हें श्रॉफ परिवार का बेहद भरोसेमंद सदस्य माना जाता है।

-फिरदौस की पहचान सिर्फ एक कर्मचारी के तौर पर नहीं है। परिवार के साथ उनके पुराने रिश्ते और मुश्किल समय में दिखाई गई तत्परता ने उन्हें चर्चा में ला दिया है। टाइगर श्रॉफ पर हमले के दौरान घायल होने के बावजूद उनकी भूमिका और एक्टर द्वारा उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने की घटना लोगों का ध्यान खींच रही है।

टाइगर श्रॉफ के साथ फुटबॉल खेलने गए थे, तभी हुआ हमला

-जानकारी के मुताबिक गत 18 अक्टूबर 2026 (रविवार) को फिरदौस इब्राहिम बलोच हमेशा की तरह टाइगर श्रॉफ के साथ ड्यूटी पर थे। एक्टर वीकेंड पर मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने जाते हैं। बताया गया कि उस दिन भी वह सांताक्रूज पश्चिम स्थित एम.एम. मैट्रिक्स जिम से निकलकर विले पार्ले पश्चिम स्थित जमुनाबाई नर्सरी इंटरनेशनल स्कूल के मैदान पहुंचे थे।

-फुटबॉल खेलने के बाद जब टाइगर श्रॉफ और फिरदौस कार से लौट रहे थे, तभी शाम करीब 7 बजे स्कूल के मैदान के गेट से बाहर निकलकर बाईं ओर मुड़ते समय उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया। तीन हमलावरों से जुड़ी जांच के बीच सामने आई शुरुआती जानकारी के अनुसार कार पर कई राउंड फायरिंग की गई।

-गोलीबारी के दौरान कार की पैसेंजर साइड की खिड़की को नुकसान पहुंचा और गोलियां अंदर तक आ गईं। इसी दौरान फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी। अचानक हुई इस घटना ने कुछ ही पलों में सफर को जानलेवा स्थिति में बदल दिया।

घायल फिरदौस को देखकर टाइगर श्रॉफ ने खुद संभाली कार

-फायरिंग के बाद जब टाइगर श्रॉफ ने फिरदौस को घायल देखा, तो उन्होंने तुरंत कार का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। जानकारी के अनुसार एक्टर ने कार के अंदर ही अपनी सीट बदली और ड्राइविंग सीट पर पहुंचकर गाड़ी आगे बढ़ाई। इसके बाद वह घायल फिरदौस को लेकर सांताक्रूज पुलिस स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्हें इलाज के लिए नानावटी अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान टाइगर श्रॉफ ने खुद उन्हें अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली।

-घटना में टाइगर श्रॉफ को भी चोटें आई थीं लेकिन उन्हें गोली नहीं लगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टूटे हुए शीशे और गनपाउडर के कारण उन्हें चोट पहुंची थी। बाद में अस्पताल में उनकी ड्रेसिंग की गई। वहीं फिरदौस को गोली लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

अस्पताल पहुंचे फिरदौस के परिजन, श्रॉफ परिवार उठाएगा इलाज का खर्च

-फायरिंग की खबर मिलने के बाद फिरदौस इब्राहिम बलोच की पत्नी, बेटा, बेटी और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार के एक सदस्य ने मीडिया को बताया कि फिरदौस अपने काम के प्रति बेहद समर्पित हैं और आमतौर पर टाइगर श्रॉफ के साथ ही रहते हैं। वह हर दिन की तरह रविवार को भी काम के लिए घर से निकले थे।

-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना के बाद फिरदौस काफी सदमे में थे। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनका बयान भी दर्ज किया। चिकित्सकों की ओर से उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई गई है। उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखने के बाद छुट्टी दिए जाने की संभावना जताई गई है।

-इस बीच श्रॉफ परिवार ने फिरदौस के इलाज और स्वस्थ होने तक के खर्च की जिम्मेदारी लेने की पेशकश की है। करीब तीन दशक से परिवार के साथ जुड़े कर्मचारी के प्रति ये कदम उनके पुराने रिश्ते और भरोसे को दर्शाता है।

टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा बढ़ाई गई, बॉडीगार्ड तैनात

-फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस की प्रोटेक्शन ब्रांच ने एक्टर के लिए बॉडीगार्ड तैनात किए हैं। इसके अलावा स्थानीय पुलिस स्टेशन की ओर से भी एक अधिकारी और कुछ पुलिसकर्मियों को उनकी सुरक्षा में लगाया गया है।

-हमले के बाद टाइगर श्रॉफ के घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि अधिकारियों ने अभिनेता को दी गई सुरक्षा की श्रेणी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

-पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले से पहले आरोपियों ने एक्टर की गतिविधियों की रेकी की थी या नहीं। साथ ही हमले में शामिल लोगों और उन्हें मदद पहुंचाने वाले कथित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

क्या डर फैलाने और जबरन वसूली के लिए किया गया हमला?

-मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच को लेकर सामने आई रिपोर्टों में आशंका जताई गई है कि हमले के पीछे डर पैदा करने या जबरन वसूली का मकसद हो सकता है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि पुलिस की जांच अभी जारी है और हमले के वास्तविक मकसद की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में किसी भी संगठन या व्यक्ति की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

-घटना के बाद पुलिस ने तीन कथित आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर साजिश, हथियारों और अन्य संभावित मददगारों के बारे में सुराग जुटाने में लगी है।

मुश्किल वक्त में सामने आया भरोसे का रिश्ता

-टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले ने उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं लेकिन इस घटना में फिरदौस की भूमिका भी चर्चा का अहम हिस्सा बन गई है। करीब 28 साल से श्रॉफ परिवार के साथ जुड़े इस कर्मचारी ने मुश्किल हालात में चोटिल होने के बावजूद अपने काम और परिवार से जुड़े रिश्ते को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।

-जहां टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा बढ़ाई गई है, वहीं फिरदौस अस्पताल में इलाज के बाद स्वस्थ होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस के लिए अब सबसे अहम सवाल हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका का पता लगाना है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+