Tiger Shroff फाइरिंग केस में 24 घंटे में क्या-क्या हुआ? बाइक से सूरत CCTV फुटेज तक ने खोले राज, जानें कहानी

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक 2 कथित हमलावरों को पकड़ लिया है, जिसमें से 3 राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार हुए है। पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मुंबई से फरार हो गए थे और ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचकर नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। इस मामले की जांच में सूरत रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई। वहीं इस केस में एक अन्य आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर हमले के पीछे की साजिश और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

टाइगर श्रॉफ की कार पर कब और कैसे हुई फायरिंग?
ये घटना गत 18 अक्टूबर 2026 (रविवार) शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई। जानकारी के मुताबिक टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी कार को निशाना बनाकर कई गोलियां चलाई गईं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इससे पहले कि वहां मौजूद लोग हमलावरों को पकड़ पाते, वो बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

Tiger Shroff Firing Case

पुलिस ने शुरू की बारीकी से जांच

घटना के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक की तलाश शुरू की। साथ ही, आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की गई।

अंधेरी में मिली बाइक, ऐसे मिला पुलिस को पहला सुराग

-जांच के दौरान पुलिस को वो बाइक अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में मिली, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर फायरिंग के बाद भागने के लिए किया गया था। बाइक की बरामदगी के बाद पुलिस ने उससे जुड़े सुरागों और अन्य जानकारियों को जोड़ना शुरू किया।

-इसी दौरान जांचकर्ताओं को पता चला कि संदिग्ध मुंबई से निकलकर सूरत पहुंचे हैं और वहां से ट्रेन में सवार होकर राजस्थान की ओर जा रहे हैं। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस को तत्काल जानकारी दी। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय के चलते आरोपियों की तलाश तेज हो गई। इस पूरे ऑपरेशन में करीब 20 विशेष पुलिस टीमों को लगाया गया था। पुलिस ने आरोपियों के संभावित रास्तों, रेलवे स्टेशनों और उनकी यात्रा से जुड़े सुरागों की बारीकी से जांच की।

सूरत स्टेशन के CCTV फुटेज से खुला राज

-आरोपियों तक पहुंचने में रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बेहद अहम साबित हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सूरत रेलवे स्टेशन के दो फुटेज में तीन संदिग्ध ट्रेन पकड़ने के लिए जल्दबाजी में भागते दिखाई दिए। इनमें से दो ने सफेद शर्ट पहनी थी जबकि तीसरा नीली टी-शर्ट में नजर आया। उसके हाथ में एक बैग भी दिखाई दिया।

-पुलिस की सूचना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने भी जांच में सहयोग किया। पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक अलग-अलग स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद सूरत से संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिली।

-जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार हुए थे। इसके बाद मुंबई पुलिस और राजस्थान पुलिस ने मिलकर ट्रेन के कोटा पहुंचने पर उन्हें पकड़ने की योजना बनाई।

कोटा स्टेशन पर 15 मिनट के ऑपरेशन में गिरफ्तारी

-पुलिस के मुताबिक पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस सोमवार सुबह करीब 10:17 बजे कोटा रेलवे स्टेशन पर रुकी। ट्रेन के जनरल डिब्बे में सफर कर रहे तीनों संदिग्धों को वहीं रोककर हिरासत में ले लिया गया। बताया गया कि उन्हें पकड़ने के लिए करीब 15 मिनट तक अभियान चलाया गया।

-कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बेगूसराय का रहने वाला रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रेहान शामिल हैं। तीसरे आरोपी की पहचान भी पुलिस ने की है। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तीनों में से एक की उम्र 18 साल जबकि बाकी दो की उम्र 22-22 साल है।

-गिरफ्तारी के बाद कोटा पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद उन्हें महाराष्ट्र ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया अपनाई गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के जरिए वारदात में उनकी भूमिका और फरार होने की योजना से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

हरियाणा पुलिस ने पकड़ा चौथा आरोपी

तीन आरोपियों को कोटा से गिरफ्तार करने के बाद अब हरियाणा पुलिस की मदद से समीर नाम के एक और युवक को पकड़ा गया है। आरोप है कि उसने हमले के आरोपियों की बात लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित से कराई थी। रेहान उर्फ सुक्का को कथित तौर पर 35 हजार रुपये और विदेश में बसने का लालच दिया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले की साजिश में और कौन-कौन शामिल था और मुंबई में आरोपियों की मदद किसने की।

आरोपियों के पास से अब तक हथियार बरामद नहीं

-मुंबई पुलिस के डिप्टी कमिश्नर राज तिलक रोशन ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से दो ने टाइगर श्रॉफ की कार पर 5 से 6 गोलियां चलाई थीं। हालांकि पुलिस को अभी तक उनके पास से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद नहीं हुआ है।

-पुलिस अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां हैं और वारदात के बाद उन्हें किसने अपने पास रखा। इसके अलावा, आरोपियों को हथियार किसने उपलब्ध कराए और क्या इस हमले में अन्य लोग भी शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है।

-अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है। पुलिस उनके संपर्कों, यात्रा के रास्ते और घटना से पहले और बाद में हुई बातचीत की भी पड़ताल कर रही है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन की जांच

-इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित संबंधों को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रेहान कथित तौर पर अनिल पंडित के संपर्क में था। अनिल पंडित को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी बताया जा रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस गिरोह की ओर से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया है।

-हालांकि पुलिस इस दावे और आरोपियों के कथित नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। किसी संगठन या व्यक्ति की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच और उपलब्ध सबूतों के आधार पर ही निकाला जाएगा।

सोनीपत से चौथा आरोपी गिरफ्तार, कनेक्शन जोड़ने का आरोप

-मामले में कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं रही। पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से एक चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान समीर के रूप में बताई गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक समीर पर कथित तौर पर फायरिंग करने वाले आरोपियों और कैलिफोर्निया में मौजूद बताए जा रहे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य अनिल पंडित के बीच संपर्क स्थापित कराने का आरोप है।

-पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि समीर की भूमिका किस स्तर तक थी और क्या उसने हमले की योजना बनाने या उसे अंजाम देने में भी कोई मदद की थी। जांच एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों के आपसी संबंधों और कथित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही हैं।

पुलिस के सामने अब क्या हैं बड़े सवाल?

-तीन कथित हमलावरों की गिरफ्तारी के बावजूद जांच में कई सवालों के जवाब मिलना बाकी है। पुलिस को फायरिंग में इस्तेमाल हथियार बरामद करना है। साथ ही हमले के पीछे की वजह कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों और आरोपियों को मदद पहुंचाने वालों की भूमिका का पता लगाना है।

मुंबई पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि क्या ये हमला किसी बड़ी योजना का हिस्सा था और आरोपियों को इसके लिए किसने निर्देश दिए थे। सूरत स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज, अंधेरी से मिली बाइक और राजस्थान पुलिस के सहयोग से हुई गिरफ्तारियों ने जांच को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में हथियार की बरामदगी, कथित नेटवर्क और हमले के पीछे की वजह से जुड़े खुलासों का इंतजार है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+