साल 2026 में बड़े पर्दे पर नजर आएंगी ये नई जोड़ियां, मृणाल–सिद्धांत से लेकर रणबीर साई तक शामिल
नई ऑन-स्क्रीन जोड़ियों को देखना हमेशा दर्शकों के लिए एक खास अनुभव होता है। 2025 में जहां कई फ्रेश पेयरिंग्स ने दर्शकों का दिल जीता, वहीं 2026 सिनेमा प्रेमियों के लिए और भी बड़ा सरप्राइज़ लेकर आ रहा है। अगले साल कई ऐसी जोड़ियां पहली बार बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देंगी, जिनसे नई केमिस्ट्री, नया अंदाज़ और नई कहानियों की उम्मीद की जा रही है। रोमांटिक ड्रामा, म्यूज़िकल, एक्शन और पैन-इंडिया फिल्मों में ये नई जोड़ियां 2026 को खास बनाने वाली हैं।

मृणाल ठाकुर-सिद्धांत चतुर्वेदी
2026 की सबसे चर्चित नई जोड़ियों में मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी का नाम सबसे ऊपर है। दोनों पहली बार रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'दो दीवाने सहर में' में साथ नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन रवि उदयवार कर रहे हैं और इसे संजय लीला भंसाली का समर्थन प्राप्त है। वैलेंटाइन वीक के दौरान 20 फरवरी 2026 को रिलीज़ होने वाली यह फिल्म प्यार को संवेदनशील और आधुनिक अंदाज़ में पेश करने वाली है।
कार्तिक आर्यन-श्रीलीला
कार्तिक आर्यन और श्रीलीला अनुराग बसु की आने वाली रोमांटिक म्यूज़िकल फिल्म 'तू मेरी ज़िंदगी है' में पहली बार साथ दिखाई देंगे। पहले इसे 'आशिकी 3' के रूप में प्लान किया गया था, लेकिन अब नए टाइटल के साथ फिल्म मई 2026 में रिलीज़ होगी। म्यूज़िक और इमोशन से भरपूर इस फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री को लेकर जबरदस्त उत्साह है।
राम चरण-जाह्नवी कपूर
ग्लोबल स्टार राम चरण और जाह्नवी कपूर पहली बार एक साथ एक्शन-स्पोर्ट्स ड्रामा 'पेड्डी' में नजर आएंगे। फिल्म का पहला गाना सामने आते ही दोनों की केमिस्ट्री की झलक दर्शकों को पसंद आ चुकी है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
रणबीर कपूर-साई पल्लवी
नीतेश तिवारी की मेगा पैन-इंडिया फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर और साई पल्लवी पहली बार साथ नजर आएंगे। रणबीर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभाएंगी। यह फिल्म दो भागों में रिलीज़ होगी, जिसका पहला पार्ट दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आएगा।
इब्राहिम अली खान-श्रीलीला
इब्राहिम अली खान खेल आधारित फिल्म 'दिलेर' में श्रीलीला के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगे। कायोज़ ईरानी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म युवाओं के बीच पहले ही चर्चा में है। नई जोड़ी को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications