The Taj Story: इस 'खास' दिन पर रिलीज होगी 'द ताज स्टोरी', ताजमहल के रहस्य से उठेगा पर्दा? ट्रेलर ने मचाई सनसनी
The Taj Story Release Date: बॉलीवुड के दमदार एक्टर परेश रावल की अपकमिंग फिल्म 'द ताज स्टोरी' का ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर सनसनी फैल गई है। लोग फिल्म के रिलीज को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
फिल्म 'द ताज स्टोरी' का ट्रेलर रिलीज
निर्देशक तुषार अमरीश गोयल की इस फिल्म ने अपने पहले पोस्टर से ही विवादों को जन्म दिया था, लेकिन अब ट्रेलर ने जिज्ञासा का माहौल बना दिया है। करीब 3 मिनट के इस ट्रेलर में परेश रावल की दमदार एक्टिंग और सवालों से भरे डायलॉग्स ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

31 अक्टूबर 2025 को रिलीज होगी फिल्म
आपको बता दें कि ये फिल्म आगामी 31 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस खास दिन पर भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि भी है।
विष्णुदास के किरदार में परेश रावल
-फिल्म में परेश रावल एक गाइड विष्णुदास का रोल निभा रहे हैं, जो ताजमहल के इतिहास को लेकर कई चौंकाने वाले सवाल उठाते हैं। ट्रेलर में उनका ये डायलॉग खूब वायरल हो रहा है- दुनिया में कभी ऐसा मकबरा देखा है जिसके ऊपर कलश हो?
-एक और सीन में परेश रावल कहते हैं- ताजमहल का गाइड ही ताजमहल पर केस कर रहा है। अदालत के दृश्य में उनका संवाद सबसे ज्यादा असरदार साबित हो रहा है- जज साहब, ताजमहल मेरे लिए किसी भी मंदिर से कम नहीं है।
रहस्यमय डायलॉग्स ने बढ़ाई जिज्ञासा
-ट्रेलर में कई ऐसे सीन हैं जो इतिहास और रहस्य के मिश्रण को बखूबी दिखाते हैं। परेश रावल का एक और डायलॉग सुर्खियों में है- ताजमहल के नीचे जो 22 कमरे हैं, उसमें कभी गए हैं? वहां क्या था, जो दीवारों में चुनवा दिया गया?
-जब एक वकील उनसे पूछता है- शाहजहां मंदिर क्यों बनवाएंगे? तो जवाब आता है- हां, उनका काम तो तुड़वाने का था। ये संवाद फिल्म को और भी विवादास्पद बना रहे हैं लेकिन साथ ही दर्शकों को कहानी की गहराई तक खींच ले जाते हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट और निर्देशन
फिल्म में परेश रावल के साथ अमृता खानविलकर, जाकिर हुसैन, स्नेहा वाघ और नमित दास जैसे बेहतरीन कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशक तुषार अमरीश गोयल ने फिल्म को इतिहास, आस्था और राजनीति के बीच के टकराव के रूप में पेश करने की कोशिश की है।
'भारत के रग-रग में सनातन है'
ट्रेलर के अंत में परेश रावल की आवाज गूंजती है- भारत की सभ्यता को मिटाने की कोशिशें सदियों से होती आई हैं, लेकिन भारत की रग-रग में सनातन है। ये डायलॉग फिल्म की आत्मा को बखूबी दर्शाता है, इतिहास, आस्था और विचारधारा के बीच की बहस।
'द ताज स्टोरी' को लेकर हो रहा कैसा विवाद?
-फिल्म के पोस्टर के रिलीज होते ही इसे लेकर विवाद शुरू हो गया था। दरअसल फिल्म के पोस्टर में परेश रावल ताजमहल के गुंबद को उठाते हुए नजर आ रहे थे और उसके अंदर से भगवान शिव की मूर्ति दिखाई दे रही थी। यही विजुअल लोगों को बिल्कुल रास नहीं आया था और सोशल मीडिया पर खूब बवाल मच गया था।
-परेश रावल पर निशाना साधा जा रहा था। वहीं विवाद बढ़ने के बाद फिल्म की टीम और परेश रावल ने एक डिस्क्लेमर जारी किया था। इसमें कहा गया था कि फिल्म 'द ताज स्टोरी' किसी भी धार्मिक भावना को आहत करने के उद्देश्य से नहीं बनाई गई है।
क्या ताजमहल के अंदर शिव मंदिर है?
-इसके अलावा फिल्म मेकर्स ने ये दावा किया था कि इस मूवी का ताजमहल के अंदर शिव मंदिर है, इस बात से कोई लेना-देना नहीं है। प्रोडक्शन हाउस स्वर्णिम ग्लोबल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ने साफ किया था कि ये फिल्म ऐतिहासिक तथ्यों और कोर्टरूम ड्रामा पर आधारित है। साथ ही दर्शकों से अपील की गई कि फिल्म देखने के बाद ही इसे लेकर अपनी राय बनाएं।
-बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी इतिहासकार पीएन ओक के उन विवादित दावों पर आधारित है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ताजमहल पहले तेजो महालय नाम का शिव मंदिर हुआ करता था। हालांकि ये स्मारक मुगल बादशाह शाहजहां द्वारा बनवाया गया था और इसे 1983 में यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट घोषित किया गया।
-मेकर्स की मानें तो ये फिल्म एक कोर्टरूम ड्रामा है, जिसे अमरीश गोयल ने लिखा है और निर्देशित भी किया है। इसमें परेश रावल के साथ जाकिर हुसैन, अमृता खानविलकर, नमित दास और स्नेहा वाघ जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। शुरुआती झलकियों से साफ है कि कहानी ताजमहल के इतिहास और उससे जुड़ी विवादित थ्योरीज पर घूमती है।
फिल्म की रिलीज से पहले ही बढ़ा रोमांच
फिल्म 'द ताज स्टोरी' का ट्रेलर इस समय सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। दर्शक इसे लेकर उत्साहित भी हैं और जिज्ञासु भी। अब देखना ये होगा कि 31 अक्टूबर 2025 को जब यह फिल्म सिनेमाघरों में पहुंचेगी, तो क्या यह दर्शकों के दिलों में नए सवाल छोड़ जाएगी या फिर विवादों का नया अध्याय खोलेगी।












Click it and Unblock the Notifications