Kerala Story 2 box office: भयंकर विरोध के बाद भी फिल्म की कमाई में हुई जबरदस्त बढ़त, दो दिन के आंकड़ें
The Kerla Story 2 Box Office: 'द केरला स्टोरी 2' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस थिएटर्स में लगे दो दिन हो गए हैं। लेकिन इस फिल्म का रिलीज होना इतना आसान नहीं था। इसके लिए मेकर्स को कोर्ट में लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी है। हालांकि फिल्म का बज उतना नहीं बन पाया, जितना मेकर्स ने पहले पार्ट में बनाया था। शुक्रवार शाम तक ही यह कुछ थिएटरों में लग पाई, जिससे ओपनिंग कमजोर रही। अब फिल्म के दूसरे दिन के आंकड़ें भी आ गए हैं।

पहले दिन का कलेक्शन
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन करीब 75 लाख रुपये की कमाई की। हालांकि शनिवार को इसमें अच्छा उछाल देखा गया और फिल्म ने लगभग ₹4.65 करोड़ (अर्ली एस्टीमेट) का कारोबार किया। दो दिनों में कुल कमाई लगभग ₹5.4 करोड़ पहुंच गई है। अब सभी की निगाहें रविवार के कलेक्शन पर टिकी हैं।
संवेदनशील विषय पर आधारित कहानी
निर्माता Vipul Amrutlal Shah की यह फिल्म धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर आधारित है। कहानी तीन हिंदू लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके जीवन में प्यार और धोखे के घटनाक्रम दिखाए गए हैं। फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ दर्शकों ने इसे साहसिक विषय कहा, तो कुछ ने इसे 'प्रोपेगंडा' करार दिया। फिल्म की स्क्रिप्ट और रिसर्च को लेकर सवाल उठाए गए हैं। कई समीक्षकों का मानना है कि प्रस्तुति प्रभावी नहीं बन पाई और कुछ दृश्य बोझिल लगे। साथ ही, केरल से सीमित जुड़ाव के बावजूद शीर्षक को लेकर भी आलोचना हो रही है।
स्टार कास्ट और बजट
फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओजा, अदिति भाटिया, सुमित गहलावत, पूर्वा पराग, अर्जन सिंह, अलका अमीन और युक्तम प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसे लगभग ₹30 करोड़ के बजट में तैयार किया गया है। 2023 में आई 'द केरला स्टोरी' ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया था। सीमित बजट में बनी उस फिल्म ने ₹300 करोड़ से अधिक का कारोबार किया और बड़े विवादों के बावजूद सफल रही। फिलहाल, दूसरे भाग की रफ्तार पहले हिस्से जैसी नजर नहीं आ रही। आने वाले दिनों में इसकी कमाई तय करेगी कि यह बॉक्स ऑफिस पर लंबी दौड़ तय कर पाती है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications