अनुपम खेर की 'तन्वी द ग्रेट' देख दिल्ली की CM रेखा गुप्ता का पिघला दिल, कहा- हर बच्चा जरूर देखे ये फिल्म
'Tanvi-The Great' Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित पीवीआर थिएटर में गत 13 जुलाई 2025 (रविवार) की शाम को बॉलीवुड फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' की एक खास स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं।
'तन्वी द ग्रेट' की दिल्ली में स्पेशल स्क्रीनिंग
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ फिल्म के एक्टर और डायरेक्टर अनुपम खेर और एक्ट्रेस शुभांगी दत्त भी मौजूद थीं। फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में मूवी की भावनात्मक गहराई और प्रेरक विषयवस्तु की जमकर तारीफ की।

फिल्म की तारीफ में सीएम रेखा गुप्ता ने कही ऐसी बात
-रेखा गुप्ता ने कहा- इस फिल्म को हर बच्चे को देखना चाहिए। इसमें जिस तरह एक स्पेशल बच्ची की जिंदगी और संघर्ष को दर्शाया गया है, वह दिल को छू लेने वाला है। मैं चाहती हूं कि दिल्ली सरकार के जरिए अधिक से अधिक बच्चों को ये फिल्म दिखाई जाए।
-सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा- फिल्म के हर एक दृश्य में एक मार्मिक संदेश छिपा है। उन्होंने अनुपम खेर की तारीफ करते हुए कहा- अनुपम खेर ने इस फिल्म के जरिए विशेष बच्चों की उड़ान को जिस खूबसूरती से दर्शाया है, वह काबिले तारीफ है। मैं फिल्म की टीम को दिल से बधाई देती हूं और चाहूंगी कि ये फिल्म दुनिया भर के बच्चों तक पहुंचे।
फिल्म को लेकर अनुपम खेर ने कही ऐसी बात
-वहीं इस खास मौके पर फिल्म के लीड एक्टर और डायरेक्टर अनुपम खेर ने कहा- इस फिल्म को बनाने में हमें चार साल लगे, लेकिन जब एक मुख्यमंत्री जैसी शख्सियत इसे देखती हैं और इसकी इतनी तारीफ करती हैं, तो वो मेहनत सार्थक लगने लगती है। फिल्म तन्वी में एक छोटी बच्ची की कहानी दिखाई गई है, जो ये बताती है कि सच्चा सुपरहीरो कौन होता है।
-जानकारी के अनुसार फिल्म तन्वी द ग्रेट में मुख्य भूमिका निभाने वाली शुभांगी दत्त ने इसी फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा है। उनके साथ जैकी श्रॉफ, बोमन ईरानी और करण ठक्कर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी ऑटिज्म से ग्रसित एक बच्ची के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी विशेष क्षमताओं के साथ दुनिया को एक अलग नजरिए से देखने की प्रेरणा देती है।
-फिल्म 'तन्वी-द ग्रेट' की खास बात ये है कि इसकी स्क्रीनिंग कान फिल्म फेस्टिवल और न्यूयॉर्क जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी हो चुकी है। इसके अलावा, नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में जब ये फिल्म दिखाई गई थी, तो वहां मौजूद दर्शकों ने इसे स्टैंडिंग ओवेशन देकर सम्मानित किया था।
18 जुलाई 2025 को रिलीज होगी फिल्म
आपको बता दें कि ये फिल्म आगामी 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अपनी अनोखी और प्रेरक कहानी के चलते फिल्म पहले से ही लोगों की उत्सुकता का केंद्र बनी हुई है। मेकर्स के अनुसार ये न केवल एक फिल्म है, बल्कि ये बच्चों की क्षमताओं और उनके भीतर छुपे सुपरहीरो को पहचानने की एक कोशिश है।
फिल्म को लेकर एनएफडीसी ने कही ऐसी बात
-सशक्त प्रोडक्शन साझेदारी फिल्म 'तन्वी-द ग्रेट' की भावनात्मक गहराई और सिनेमाई दृष्टिकोण को और मजबूती दे रही है। नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) अब इस फिल्म से बतौर सह-निर्माता और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर जुड़ चुका है। ये साझेदारी अनुपम खेर स्टूडियो, एक्सेल एंटरटेनमेंट और एए फिल्म्स के साथ सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत हुई है।
-एनएफडीसी ने इस बात पर गर्व जताया है कि वह ऐसी फिल्म का समर्थन कर रहा है जो संघर्षशीलता और प्रभावशाली कहानी को दर्शाती है और इस सहयोग से फिल्म की वैश्विक पहुंच और विश्वसनीयता को और भी मजबूती मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications