सनी देओल पर लगा धोखेबाजी का आरोप, सुनील दर्शन बोले- न फिल्म की, न ही पैसा लौटाया
बॉलीवुड फिल्म निर्माता सुनील दर्शन ने अपने एक हालिया इंटरव्यू में सनी देओल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सुनील दर्शन ने दावा किया है कि सनी ने पैसा लेकर भी उनकी फिल्म नहीं की।
मुंबई, 16 सितंबरः बॉलीवुड में कई ऐसे बड़े एक्टर्स हैं जिनके साथ फिल्म मेकर्स के संबंध बिल्कुल अच्छे नहीं हैं। आपको बता दें कि एक समय पर बॉलीवुड के जबर एक्टर सनी देओल और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने साथ मिलकर कई सुपरहिट फिल्में दी थीं लेकिन बाद में दोनों के बीच मनमुटाव हो गया और फिर उन दोनों ने कभी साथ काम नहीं किया। अब कुछ ऐसा ही सनी देओल और प्रोड्यूसर सुनील दर्शन के बीच हुआ है। बॉलीवुड फिल्म निर्माता सुनील दर्शन ने अपने एक हालिया इंटरव्यू में सनी देओल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सुनील दर्शन ने दावा किया है कि सनी ने पैसा लेकर भी उनकी फिल्म नहीं की।

सुनील दर्शन ने सनी देओल पर लगाया आरोप
हाल ही में आरजे सिद्धार्थ कन्नन को दिए गए इंटरव्यू में फिल्म निर्माता सुनील दर्शन ने सनी देओल को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। आपको बता दें कि सनी देओल और सुनील दर्शन ने साथ में 'इंतेकाम', 'लुटेरे' और 'अजय' जैसी फिल्मों में काम किया है। वहीं इंटरव्यू में सुनील ने कहा कि एक समय था जब हिंदी सिनेमा के लीजेंड एक्टर धर्मेंद्र के बड़े बेटे अभिनेता सनी देओल के साथ उनके बहुत अच्छे रिश्ते थे। सुनील ने कहा- अचानक ही सनी के व्यवहार में बदलाव आने लगा। धीर-धीरे सनी के इरादे संदिग्ध लगने लगे थे।

सुनील ने कहा- वादा करने के बाद भी नहीं की फिल्म
सुनील दर्शन ने बताया- फिल्म 'अजय' को उन्होंने बिना किसी एंडिंग के ही रिलीज किया था क्योंकि सनी देओल लंदन गए हुए थे और फिल्म की आखिरी शूटिंग के लिए भारत नहीं लौट रहे थे। उन्होंने आगे कहा- सनी समय से नहीं लौटे और बाद में उन्होंने इसे पूरा करने से भी इनकार कर दिया था। हालांकि फिल्म 'अजय' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी।

सनी देओल ने काम करने से किया मना
इसके बाद सुनील ने कहा- सनी देओल ने मुझसे वादा किया था कि वह मेरी अगली फिल्म में जरूर काम करेंगे। उनके भरोसे पर ही मैंने एक साल तक उनकी डेट्स का इंतजार किया क्योंकि सनी ने मेरी फिल्म साइन भी की थी। इसके बाद सनी गुरिंदर चड्ढा के डायरेक्शन में बनने वाली फिल्म पर काम करने लगे जिसमें उनके साथ बॉबी देओल और करिश्मा कपूर नजर आने वाली थीं। हालांकि बाद में वह फिल्म बंद हो गई। वहीं सनी ने सुनील दर्शन की फिल्म में काम करने से ये कहकर इनकार कर दिया कि अभी उस फिल्म के सब्जेक्ट पर और काम करने की जरूरत है।

सनी ने वापस नहीं लौटाया प्रोड्यूसर का पैसा
सुनील दर्शन ने अपने इंटरव्यू में कहा- मैं जिस फिल्म में सनी को कास्ट करना चाहता था उसमें बाद में उन्हें स्ट्रगल कर रहे अक्षय कुमार को साइन करना पड़ा। इस फिल्म का नाम 'जानवर' था जिसमें करिश्मा कपूर और शिल्पा शेट्टी भी नजर आई थीं। ये फिल्म साल 1999 में रिलीज हुई थी। सुनील ने सनी पर आरोप लगाते हुए कहा- मैंने सनी को 1 साल का समय दिया था। बाद में जब उन्होंने फिल्म नहीं की तो उन्हें मेरा पैसा लौटाना चाहिए था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।

इस फिल्म में नजर आएंगे सनी देओल
सुनील ने आगे बताया- काफी इंतजार के बाद मैंने सनी देओल को कास्ट करने की उम्मीद ही छोड़ दी। आपको बता दें कि सनी देओल लंबे समय बाद फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। अब वह डायरेक्टर आर बाल्की की फिल्म 'चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट' में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म 23 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications