Sunil Grover Birthday: कभी सैलरी में मिलते थे 500 रुपये, आज करोड़ों के मालिक हैं सुनील ग्रोवर, जानें उनकी कमाई
एक इंटरव्यू में सुनील ग्रोवर ने बताया था कि मुंबई आने के एक साल बाद तक उनके पास कोई काम नहीं था। इसके बाद वह एक नौकरी करते थे जिसके लिए उन्हें 500 रुपये प्रति महीने की सैलरी मिलती थी।
मुंबई, 3 अगस्तः बॉलीवुड एक्टर और देश के फेमस कॉमेडियन सुनील ग्रोवर आज किसी पहचान के मोहताज नहीं है। उन्होंने अपनी परफेक्ट कॉमेडी से लोगों को इतना हंसाया है कि लोग आज उनके मुरीद हो गए हैं। चाहे डॉक्टर मशहूर गुलाठी हों या गुत्थी, हर किरदार में उन्होंने हमेशा जान डाल दी है। हालांकि कुछ दिनों पहले हुए हार्ट सर्जरी के बाद सुनील ग्रोवर ने फिलहाल काम से थोड़ा ब्रेक लिया हुआ है। सुनील के फैंस के चाहते हैं कि वह जल्दी स्वस्थ होकर टीवी पर लौट आएं। सुनील ने अपनी कॉमेडी से खूब नाम कमाया है। आज सुनील ग्रोवर का 45वां जन्मदिन है। कॉमेडी के बादशाह बनने का सफर सुनील के लिए बिल्कुल आसान नहीं था लेकिन इसी कॉमेडी के चलते आज वह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। आइए उनके जन्मदिन के अवसर पर जानते हैं उनकी संघर्ष की कहानी के बारे में।

हरियाणा के रहने वाले हैं सुनील
सुनील ग्रोवर ने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है। जानकारी के अनुसार सुनील ग्रोवर का जन्म हरियाणा के गांव डबवाली में हुआ था। उनकी स्कूलिंग और कॉलेज की पढ़ाई हरियाणा से हुई। पंजाब यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद सुनील एक्टिंग की दुनिया में नाम कमाने के लिए मुंबई पहुंचे थे। मुंबई पहुंचने के बाद सुनील ग्रोवर का सफर आसान नहीं था।

500 रुपए की सैलरी पर करते थे काम
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ह्यूमन ऑफ बॉम्बे को दिए एक इंटरव्यू में सुनील ने बताया था कि मुंबई आने के एक साल बाद तक उनके पास कोई काम नहीं था। इसके बाद वह एक नौकरी करते थे जिसके लिए उन्हें 500 रुपये प्रति महीने की सैलरी मिलती थी। फिर सुनील ग्रोवर को रेडियो में बड़ा ब्रेक मिला और उन्होंने कॉमेडी सीरीज हंसी के फव्वारे में काम करना शुरू किया था।

रेडियो से की थी कॉमेडी की पहली शुरुआत
उनके केरेक्टर सुड को बहुत पॉपुलैरिटी मिल गई थी। इसके बाद सुनील ग्रोवर अजय देवगन की फिल्म 'प्यार तो होना ही था' में नजर आए थे। ये उनकी डेब्यू फिल्म थी। धीरे-धीरे सफर कॉमेडी नाइट्स विद कपिल तक पहुंचा जहां गुत्थी के किरदार ने सुनील को एक नई पहचान दिलाई। लोगों ने उनके इस किरदार को खूब पसंद किया था।

गुत्थी के किरदार को लोगों ने खूब पसंद किया
कई सालों तक इस शो के जरिए सुनील का कॉमेडी टैलेंट सामने आया लेकिन कपिल शर्मा से झगड़े के बाद सुनील इस शो से दूर हो गए थे। इसके बाद सुनील ग्रोवर ने अपना कॉमेडी शो शुरू किया था लेकिन वह ज्यादा टीआरपी ना आने की वजह से बंद हो गया। सुनील ग्रोवर ने इसके बाद फिल्मों और वेब सीरीज का रुख किया और फिलहाल उनका करियर काफी अच्छा चल रहा है। कभी 500 रुपये कमाने वाले सुनील ग्रोवर अब करोड़ों के मालिक बन चुके हैं।

आज हैं 18 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सुनील ग्रवर अब 18 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। मुंबई में उनके पास एक आलीशान घर है। ये घर उन्होंने साल 2013 में खरीदा था। खबर है कि सुनील ग्रवर एक फिल्म करने के लिए करीब 50 लाख रुपए की फीस लेते हैं जबकि टीवी पर एक एपिसोड की शूटिंग के लिए वह 10 से 15 लाख रुपये लेते हैं।












Click it and Unblock the Notifications