नाना पाटेकर संग स्क्रीन शेयर कर चुकीं एक्ट्रेस सुजाता मेहता अब OTT पर करेंगी धमाका
Sujata Mehta OTT Debut: फिल्मी दुनिया में कई ऐसे चेहरे रहे हैं जिन्होंने अपनी अदाकारी से दर्शकों पर अमिट छाप छोड़ी। इन्हीं में से एक हैं सुजाता मेहता, जिन्होंने 80 और 90 के दशक में अपनी दमदार एक्टिंग और बेबाक किरदारों से खास पहचान बनाई।
नाना पाटेकर के साथ प्रतिघात और मिथुन चक्रवर्ती के साथ प्रतिज्ञाबद्ध जैसी फिल्मों से लेकर सनी देओल, राज बब्बर, जीतेंद्र, नसीरुद्दीन शाह और रजनीकांत जैसे सितारों संग उन्होंने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया।

Sujata Mehta फिल्मों से टीवी तक छाई रहीं
सुजाता मेहता ने ममूटी, जयाप्रदा और फराह के साथ धरतीपुत्र, अजय देवगन और आदित्य पंचोली के साथ जंग, सनी देओल और फराह के साथ यतीम, रजनीकांत और शक्ति कपूर के साथ त्यागी, राज बब्बर के साथ गुनेहगार कौन, ऋषि कपूर के साथ अनमोल और मिथुन चक्रवर्ती व डैनी के साथ गुनाहों का देवता जैसी कई फिल्मों में शानदार किरदार निभाए।
इसके अलावा, अंदाज, क्या होगा निम्मो का, और श्रीकांत जैसे टीवी शो में भी उन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। सशक्त और चुनौतीपूर्ण किरदारों का चयन ही उनकी सबसे बड़ी पहचान रहा है।
रंगमंच से मिली नई उड़ान
फिल्मों और टीवी के साथ-साथ रंगमंच भी सुजाता मेहता की आत्मा रहा है। चित्कार नाटक में उन्होंने पैरानॉयड सिज़ोफ्रेनिया से जूझती महिला का किरदार निभाया था, जिसे दुनिया भर में 800 से अधिक बार मंचित किया गया। यह उनके करियर का सबसे सराहनीय और भावनात्मक अभिनय माना जाता है।
उनकी एकल प्रस्तुति "सुजाता रंगरंगिली" ने भी थिएटर जगत में नई पहचान दी। इस नाटक में स्त्रीत्व के कई पहलुओं को प्रस्तुत करते हुए उन्होंने दर्शकों को एक ऐसा अनुभव दिया जिसे आलोचकों ने "नियंत्रण और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण" बताया।
अब ओटीटी पर अदा बिखेरने की तैयारी
समय के साथ-साथ एंटरटेनमेंट की दुनिया में बदलाव आया है और अब ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म नई कहानियों और नए किरदारों का घर बन चुके हैं। सुजाता मेहता भी इस मंच पर उतरने के लिए तैयार हैं। वह कहती हैं -"रंगमंच ने मुझे उपस्थिति सिखाई, सिनेमा ने मुझे दृश्यता दी और अब ओटीटी गहराई देगा। यह प्लेटफॉर्म उन किरदारों को जगह देता है जो जीते हैं, सांस लेते हैं, चोट खाते हैं और खिलते हैं।"
फैन्स का इंतजार जल्द खत्म होगा
सुजाता मेहता का कहना है कि वह जल्द ही ओटीटी पर दर्शकों के सामने होंगी। उनके फैन्स जो लंबे समय से उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए यह किसी तोहफे से कम नहीं होगा। सशक्त भूमिकाओं को चुनने वाली इस अभिनेत्री ने हमेशा वही किया जो सही और सच्चा लगा। अब वह एक बार फिर नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने को तैयार हैं। और सच यही है कि जब सुजाता मेहता अभिनय करती हैं, तो रोशनी उन पर नहीं, बल्कि उनसे चमकती है।












Click it and Unblock the Notifications