महादेव के 'Adinath Shambhu' पर झूम उठे शिव भक्त, सोनू निगम-मीनल निगम और कई गायकों ने बांधा भक्ति का ऐसा समां
Adinath Shambhu Song: मशहूर गायक सोनू निगम ने अपने फैंस और शिव भक्तों के लिए नया और एक शानदार गाना 'आदिनाथ शंभो' लॉन्च किया है। 'आदिनाथ शंभो' गाना ऐसे मौके पर रिलीज हुआ, जब लोग महाकुंभ और महाशिवरात्रि के भक्तिमय माहौल में ओतप्रोत हैं। ऐसे में इस गाने ने आते ही धूम मचा दी।

महादेव को समर्पित इस गाने में सोनू निगम समेत कई गायकों ने भक्ति का ऐसा समां बांधा है कि शिव भक्त हुए मंत्रमुग्ध हो गए हैं। 'आदिनाथ शंभो' गाने में सोनू निगम, मीनल निगम, आगम निगम, शान और कैलाश खेर ने अपनी मंत्रमुग्ध कर देने वाली आवाज से शानदार प्रस्तुति दी है।
'आदिनाथ शंभो' गाने का विमोचन हाल ही में एक भव्य समारोह में हुआ, जिसमें कई हस्तियां मौजूद थीं। इस मौके पर सोनू निगम के पिता आगम निगम, मीनल निगम, भजन सम्राट अनूप जलोटा, संजय टंडन, श्रद्धा पंडित, और कई अन्य अध्यात्मिक गुरु तथा समाजसेवी उपस्थित थे। यह आयोजन एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव बन गया, जहां भक्ति, संगीत और ध्यान का संगम हुआ। योगिनी मीनल निगम ने इस गाने को क्यूरेट किया था और गाने के दौरान दिव्य मंत्रों और शक्तिशाली आह्वान के माध्यम से भगवान शिव का अभिषेक किया गया।
इस गाने में मीनल निगम द्वारा रचित मूल रचना 'आदिनाथ शंभू' भी शामिल है, जो एक संगीतमय प्रस्तुति है। इसमें सोनू निगम, अगम कुमार निगम और संजय टंडन की आवाजें सुनने के लिए मिलती हैं, जो गहरी भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरी हुई हैं। इस गीत का हर एक शब्द भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और भक्ति को समर्पित है, जो भक्तों के दिलों में एक अनोखी श्रद्धा जागृत करता है।
सोनू निगम और अन्य गायकों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों को पूरी तरह से मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी आवाज़ से वातावरण गूंज उठा और यह आध्यात्मिक गीत महाशिवरात्रि के अवसर पर भक्तों के लिए एक उपहार बनकर आया। इसके अलावा, भक्ति संगीत के महानायक पद्मश्री अनूप जलोटा ने भी अपने साथियों के साथ 'ओम नमः शिवाय' के मंत्रों से वातावरण को श्रद्धा से भर दिया।












Click it and Unblock the Notifications