श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ पर दर्ज हुई FIR, स्कैम को किया प्रमोट, कंपनी ने ऐसे लूटे लोगों के करोड़ों रुपए
Shreyas Talpade and Aloknath FIR: बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि दोनों एक्टर्स पर एफआईआर दर्ज की गई है। ये मामला इंदौर में रजिस्टर्ड एक सोसाइटी के 50 लाख से ज्यादा लोगों के करोड़ों रुपए लेकर भागने वाली कंपनी के प्रमोशन से जुड़ा है।
श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ के खिलाफ एफआईआर
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ को लेकर ये एफआईआर हरियाणा के सोनीपत में दर्ज हुई है। शिकायत के आधार पर इन दोनों बॉलीवुड एक्टर्स पर इस कंपनी में निवेश के लिए प्रमोशन करने का आरोप है।

कंपनी ने लोगों के साथ कैसे की ठगी
-खबर है कि बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद भी इस कंपनी के एक बड़े इवेंट में चीफ गेस्ट बनकर आ चुके हैं। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक इस कंपनी ने 6 साल तक लोगों से पैसे जमा कराए। लोगों से फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समेत दूसरे तरीके से कंपनी में पैसा लगाने पर मोटे रिटर्न देने का वादा किया गया था।
-एफआईआर के मुताबिक कंपनी ने लोगों का भरोसा जीतने के लिए महंगे और बड़े होटलों में कई सेमिनार कराए थे और मल्टीलेवल मार्केटिंग की तर्ज पर इंसेटिव के बहाने एजेंट भी बनाए गए थे। हालांकि कंपनी ने शुरुआत में कुछ लोगों को पैसे दिए थे लेकिन जब करोड़ों रुपए जमा हो गए तो गड़बड़ी शुरू हो गई।
-कंपनी पैसे देने में आनाकानी करने लगी थी। फिर जब लोगों ने अपने पैसे मांगे तो कंपनी के अधिकारियों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए। कंपनी ने साल 2023 में असली घोटाला करना शुरू किया था। बड़े-बड़े दावे और लालच देकर कंपनी ने अपना असली मकसद कई सालों तक लोगों से छिपाए रखा।
-इसके बाद जब लोगों ने कंपनी पर ठगी के आरोप लगाने शुरू किए तो इसके मालिकों से लेकर एजेंट्स और निवेशक सभी ने मोबाइल बंद कर लिया और छिप गए।
-जब लोगों ने कंपनी में जाकर हंगामा मचाना शुरू किया तो वहां भी ताला लगा दिया गया और सभी अधिकारी कर्मचारी लोगों के करोड़ों रुपए लेकर फरार हो गए।
-जानकारी के अनुसार कंपनी के करीब 250 से ज्यादा सुविधा केंद्र मौजूद थे जो एजेंट चलाते थे और बड़े अधिकारी सिर्फ ऑनलाइन मोड पर ही काम करते थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एफआईआर में श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ के अलावा कुल 11 फेमस लोगों के नाम शामिल हैं।
-पानीपत जैसे कुछ बड़े शहरों में कंपनी की चेस्ट ब्रॉन्च खोली गई थी। वहीं कुछ शहरों में कंपनी ने खुद की एम्बुलेंस सेवा के साथ-साथ मोबाइल एटीएम वैन भी शुरू कर किए थे।
25 जनवरी 2025 को कोर्ट में होगी मामले की सुनवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी को प्रमोट करने के लिए बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ को रखा गया था। बताया जा रहा है कि कुछ इन्वेस्टर्स ने इस मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की थी। अब इस मामले में 25 जनवरी 2025 को कोर्ट में सुनवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications