Shah Rukh Khan Bodyguard: शाहरुख खान ने अपने बॉडीगार्ड को नहीं दी करोड़ों की सैलरी? यासीन खान ने खोला राज
Shah Rukh Khan Bodyguard: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के पूर्व बॉडीगार्ड यासीन खान ने सेलिब्रिटी सिक्योरिटी से जुड़ी उस सच्चाई से पर्दा उठाया है, जो अक्सर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश की जाती है। लंबे समय से ये दावा किया जाता रहा है कि बड़े स्टार्स के बॉडीगार्ड्स सालाना करोड़ों रुपये कमाते हैं लेकिन यासीन खान के खुलासे ने इन सभी चर्चाओं को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
करोड़ों की सैलरी का दावा सिर्फ अफवाह!
एक हालिया इंटरव्यू में यासीन खान ने साफ तौर पर कहा कि बॉडीगार्ड्स की करोड़ों में कमाई की खबरें पूरी तरह से बढ़ा-चढ़ाकर पेश की जाती हैं। उन्होंने बताया कि इंटरनेट पर अक्सर 2 से 2.5 करोड़ रुपये सालाना सैलरी के दावे किए जाते हैं लेकिन असलियत इससे काफी अलग है। यासीन खान के मुताबिक ज्यादातर सिक्योरिटी स्टाफ को फिक्स मंथली सैलरी मिलता है जो आम लोगों की सोच से काफी कम होती है।

कितनी होती है बॉडीगार्ड्स की असली सैलरी?
यासीन खान ने इस मुद्दे पर विस्तार से बात करते हुए बताया कि इस फील्ड में अनुभवी बॉडीगार्ड्स को भी करीब 1 लाख रुपये प्रति माह तक ही सैलरी मिलती है। हालांकि कुछ खास मौकों जैसे फिल्म की आउटडोर शूटिंग या बड़े इवेंट्स पर अतिरिक्त भुगतान किया जा सकता है लेकिन ये हर किसी के लिए तय नहीं होता। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर 10 लाख रुपये महीना जैसी बातें हकीकत से कोसों दूर हैं।
कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम ने बदली इंडस्ट्री की तस्वीर
-यासीन खान ने बताया कि पहले फिल्म इंडस्ट्री में बॉडीगार्ड्स के लिए कोई ठोस कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम नहीं था। उस समय केवल ड्राइवर, मेकअप आर्टिस्ट और स्पॉट बॉय को ही नियमित भुगतान मिलता था।
-हालांकि जब उन्होंने शाहरुख खान के साथ काम करते हुए इस मुद्दे को उठाया, तब धीरे-धीरे बदलाव शुरू हुआ। शाहरुख खान ने ही प्रोड्यूसर्स से बात कर बॉडीगार्ड्स के लिए भी अलग भुगतान की व्यवस्था शुरू करवाई।
-आज स्थिति ये है कि ज्यादातर बड़े स्टार्स के साथ काम करने वाले बॉडीगार्ड्स को फिल्मों और विज्ञापनों के लिए अलग से कॉन्ट्रैक्ट के तहत भुगतान किया जाता है।
बड़े स्टार्स के साथ काम करने का अनुभव
यासीन खान ने अपने करियर के दौरान न सिर्फ बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान बल्कि विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर जैसे बड़े नामों के साथ भी काम किया है। उन्होंने बताया कि सेलिब्रिटीज की जिंदगी में बॉडीगार्ड्स की भूमिका बेहद अहम होती है लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिलती जिसके वह हकदार हैं। आमतौर पर उनका काम तभी सुर्खियों में आता है, जब कोई बड़ा हादसा या घटना हो जाती है।
सिर्फ गुजारे लायक मिलती थी सैलरी
यासीन खान ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्हें उस समय सैलरी तो मिलती थी लेकिन वह सिर्फ गुजारा करने लायक ही होती थी। यही वजह थी कि उन्होंने इंडस्ट्री में बॉडीगार्ड्स के लिए बेहतर भुगतान व्यवस्था की पहल की। उनकी इस कोशिश के बाद धीरे-धीरे अन्य सिक्योरिटी स्टाफ ने भी अपनी आवाज उठाई और ये बदलाव एक ट्रेंड बन गया।
यासीन अब खुद चला रहे हैं सिक्योरिटी कंपनी
करीब एक दशक तक शाहरुख खान के साथ काम करने के बाद यासीन खान ने अपना खुद का बिजनेस शुरू किया था। साल 2015 में उन्होंने मुंबई में YK PROSEC नाम की सिक्योरिटी कंपनी की स्थापना की थी, जो वीआईपी सुरक्षा और इवेंट मैनेजमेंट सेवाएं प्रदान करती है।
क्या है पूरा सच?
इस पूरे खुलासे के बाद ये साफ हो गया है कि सेलिब्रिटी बॉडीगार्ड्स की करोड़ों की कमाई का दावा सिर्फ एक मिथक है। असल में ये पेशा जिम्मेदारी और जोखिम से भरा जरूर है लेकिन इसकी कमाई उतनी बड़ी नहीं जितनी दिखाई जाती है।













Click it and Unblock the Notifications