मुसीबत में फंसे शाहरुख खान-गौरी खान, दिल्ली हाईकोर्ट ने भेजा समन, कौन से विवाद में घिर गए पति-पत्नी?
Shah Rukh Khan and Gauri Khan: दिल्ली हाई कोर्ट ने आज यानी 8 अक्तूबर 2025 (बुधवार) को बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान, पत्नी गौरी खान, कपल की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और फेमस ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को समन जारी किया है।
शाहरुख खान-गौरी खान को हाईकोर्ट का समन
ये मामला नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के पूर्व जोनल डायरेक्टर और आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े की ओर से दायर किए गए मानहानि मुकदमे से जुड़ा है। वानखेड़े ने दावा किया है कि नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज The Bads of Bollywood में उन्हें गलत और अपमानजनक तरीके से पेश किया गया है।

समीर वानखेड़े ने दायर की ऐसी याचिका
आपको बता दें कि इस वेब सीरीज से शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने बतौर निर्देशक डेब्यू किया है। समीर वानखेड़े का कहना है कि इस सीरीज की कहानी उनके चरित्र को निशाना बनाती है और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई है।
कोर्ट ने शाहरुख खान से मांगा जवाब
दिल्ली हाई कोर्ट ने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, नेटफ्लिक्स और अन्य प्रतिवादियों को 7 दिनों के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। साथ ही अदालत ने समीर वानखेड़े को अपनी याचिका की कॉपी प्रतिवादियों को सौंपने को कहा है। इस मामले की अगली सुनवाई आगामी 30 अक्टूबर 2025 को होगी।
समीर वानखेड़े ने मांगा 2 करोड़ रुपये का हर्जाना
-जानकारी के अनुसार समीर वानखेड़े ने अपनी याचिका में शाहरुख खान और गौरी खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, नेटफ्लिक्स और कुछ अन्य संस्थाओं को पार्टी बनाया है।
-समीर वानखेड़े ने अदालत से स्थायी और अनिवार्य निषेधाज्ञा (Permanent & Mandatory Injunction) की मांग की है ताकि सीरीज की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाई जा सके। इसके अलावा उन्होंने 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है, जिसे वह टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल को दान करना चाहते हैं।
समीर वानखेड़े ने कहा- मेरी छवि खराब करने की हुई साजिश
-आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने अपनी याचिका में कहा है कि आर्यन खान की ये वेब सीरीज मादक पदार्थ नियंत्रण एजेंसियों को भ्रामक और नकारात्मक रूप में दिखाती है, जिससे जनता के बीच कानून प्रवर्तन संस्थाओं पर विश्वास कमजोर पड़ता है।
-समीर वानखेड़े ने ये भी आरोप लगाया है कि इस शो की कहानी जानबूझकर उनकी छवि को धूमिल करने के इरादे से लिखी गई है, जबकि उनसे जुड़े केस अभी भी बॉम्बे हाई कोर्ट और एनडीपीएस कोर्ट में विचाराधीन हैं।
-समीर वानखेड़े की याचिका में सीरीज के एक दृश्य का भी जिक्र किया गया है जिसमें एक किरदार सत्यमेव जयते बोलने के बाद अश्लील इशारा करता है। उनका कहना है कि ये दृश्य राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 का गंभीर उल्लंघन है।
-समीर वानखेड़े ने ये भी दावा किया है कि ये कंटेंट अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता है, जो सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के खिलाफ है।
समीर वानखेड़े ने वेब सीरीज को बैन करने के लिए कहा
समीर वानखेड़े ने अदालत से वेब सीरीज The Bads of Bollywood की स्ट्रीमिंग और डिस्ट्रीब्यूशन पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि ये शो न केवल उनकी छवि को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उन संस्थाओं की साख भी गिराता है जो ड्रग्स कानूनों को लागू करने की जिम्मेदारी निभाती हैं।
CBI केस और समीर वानखेड़े का पुराना विवाद
-जानकारी के अनुसार मई 2023 में सीबीआई ने समीर वानखेड़े के खिलाफ एक केस दर्ज किया था। आरोप था कि उन्होंने साल 2021 के क्रूज ड्रग्स केस के दौरान शाहरुख खान से 25 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने की कोशिश की थी ताकि उनके बेटे आर्यन खान को छोड़ा जा सके।
-हालांकि समीर वानखेड़े ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया था और अपने बचाव में शाहरुख खान के साथ हुई चैट्स का हवाला भी दिया था।












Click it and Unblock the Notifications