डिप्रेशन में थीं Sanchita Ugale? मौत के 48 घंटे बाद खुला कैसा राज? को-एक्टर बोले- Ex-बॉयफ्रेंड ने की ऐसी हालत
Sanchita Ugale: टीवी इंडस्ट्री की यंग एक्ट्रेस संचिता उगले के असमय निधन ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। कम उम्र में उनका दुनिया को अलविदा कहना परिवार, दोस्तों और फैंस के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। एक ओर पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक्ट्रेस की निजी जिंदगी को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
संचिता उगले की मौत के बाद खुल रहे नए राज
अब संचिता उगले के को-स्टार उज्जवल शर्मा का एक बयान सुर्खियों में है, जिसमें उन्होंने एक्ट्रेस की पर्सनल लाइफ और उनकी मेंटल हेल्थ को लेकर कुछ अहम दावे किए हैं। हालांकि इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां अभी मामले की पड़ताल कर रही हैं।

उज्जवल शर्मा ने डेटिंग की खबरों को बताया अफवाह
-संचिता उगले के निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनके और एक्टर उज्जवल शर्मा के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। दोनों का नाम लंबे समय से एक-दूसरे के साथ जोड़ा जा रहा था लेकिन अब उज्जवल ने इन चर्चाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
-एक इंटरव्यू में उज्जवल ने कहा कि उनके और संचिता के बीच किसी तरह का लव अफेयर नहीं था। उन्होंने बताया कि दोनों के डेटिंग करने की खबरें केवल अफवाह थीं और पिछले करीब 2 महीनों से उनकी संचिता से कोई बातचीत भी नहीं हुई थी। उज्जवल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चल रही कई अटकलों पर विराम लग गया है।
'एक्स बॉयफ्रेंड की वजह से परेशान थीं संचिता उगले'
-उज्जवल शर्मा ने बातचीत के दौरान ये भी दावा किया कि संचिता उगले अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कुछ मुद्दों को लेकर परेशान थीं। उनके मुताबिक संचिता अपने एक्स बॉयफ्रेंड से जुड़े कारणों की वजह से मानसिक तनाव का सामना कर रही थीं।
-एक्टर कहा कि हालात ऐसे हो गए थे कि संचिता को इलाज और मानसिक सहायता की जरूरत महसूस होने लगी थी। दावा किया गया है कि वह इस संबंध में प्रोडक्शन हाउस से भी मदद ले रही थीं। हालांकि इन दावों की पुष्टि किसी आधिकारिक दस्तावेज या जांच रिपोर्ट में नहीं हुई है।
करीबी दोस्त मेघा ने भी मानसिक तनाव की कही बात
-सिर्फ उज्जवल शर्मा ही नहीं बल्कि संचिता उगले की करीबी दोस्त और को-एक्ट्रेस मेघा शर्मा ने भी उनके मेंटल हेल्थ को लेकर जरूरी बातें शेयर की हैं। मेघा शर्मा के अनुसार संचिता उगले पिछले काफी समय से भावनात्मक और मानसिक संघर्षों से गुजर रही थीं।
-को-एक्ट्रेस मेघा शर्मा ने बताया है कि संचिता काफी समय से डिप्रेशन में थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। मेघा ने ये भी कहा कि वो कई बार जान देने की बातें भी करती थीं। वह कई बार वह बेहद निराशाजनक बातें किया करती थीं। मेघा के इस बयान ने मामले को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है और लोगों का ध्यान कलाकारों की मानसिक सेहत की ओर खींचा है।
पुलिस की जांच जारी, हर पहलू पर रखी जा रही नजर
-पुलिस के अनुसार ये घटना गत 14 जून 2026 की शाम मुंबई के नालासोपारा ईस्ट स्थित आचोले गांव के साईं संतोषी बिल्डिंग में हुई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि संचिता उगले ने अपनी जान दी है लेकिन अधिकारी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की गहराई से जांच कर रहे हैं।
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य संचिता को अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
टीवी की दुनिया में तेजी से बना रही थीं पहचान
संचिता उगले उन युवा अभिनेत्रियों में शामिल थीं जिन्होंने कम समय में टीवी इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाई थी। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता ज़ी टीवी के चर्चित धारावाहिक 'कुमकुम भाग्य' में निभाए गए दिया टंडन के किरदार से मिली थी। इस भूमिका ने उन्हें दर्शकों के बीच नई पहचान दिलाई और उनके करियर को नई दिशा दी। इसके बाद उन्होंने कई लोकप्रिय शोज में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और लगातार आगे बढ़ती रहीं।
'वागले की दुनिया' से लेकर 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' तक छोड़ी छाप
'कुमकुम भाग्य' के अलावा संचिता ने 'वागले की दुनिया' में रुचिता जेटली का किरदार निभाया था। वहीं दंगल टीवी के शो 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाकर दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और सहज अभिनय की वजह से उन्हें इंडस्ट्री में एक होनहार कलाकार के रूप में देखा जा रहा था।
फिल्मों और ओटीटी पर भी दिखाया था हुनर
सिर्फ टेलीविजन ही नहीं संचिता उगले ने फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' में उन्होंने तारा रानी के युवा संस्करण का किरदार निभाया था। इसके अलावा मनोज बाजपेयी अभिनीत फिल्म 'साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट' में भी उनकी अहम भूमिका रही थी। कम उम्र में उन्होंने जिस तरह अलग-अलग माध्यमों में अपनी पहचान बनाई, उसने उन्हें इंडस्ट्री के उभरते सितारों की सूची में शामिल कर दिया था।
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान
संचिता उगले का असमय निधन केवल उनके परिवार और दोस्तों के लिए ही नहीं बल्कि पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। ये घटना एक बार फिर कलाकारों के मेंटल हेल्थ, प्रोफेशनल दबाव और इंडस्ट्री में बेहतर सपोर्ट सिस्टम की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।













Click it and Unblock the Notifications