आर्यन खान की सीरीज से नहीं हटें सीन, Sameer Wankhede का आया ऐसा रिएक्शन, कहा- 'सत्य की जीत!'
Sameer Wankhede controversy: शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान द्वारा निर्देशित डायरेक्टोरियल सीरीज 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। इस सीरीज के एक सीन को लेकर पूर्व मुंबई एनसीबी जोनल डायरेक्टर और आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था।
अब समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की इस सीरिज पर अपना रिएक्शन दिया है। वानखेड़े ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैं सिर्फ एक बात कहूंगा - 'सत्यमेव जयते'।"

EX NCB अधिकारी ने क्या कहा?
समीर वानखेड़े ने कहा कि मुंबई के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में ड्रग्स की समस्या गंभीर है और इसके प्रति जनता में जागरूकता बढ़ाना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक कैंप आयोजित किया जिसमें उन्होंने माता-पिता, बच्चों, धार्मिक नेताओं और अन्य लोगों से संवाद किया। उनका उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि ड्रग्स के विभिन्न प्रकार कौन-कौन से हैं और उनके लिए कौन-कौन से कानूनी प्रावधान मौजूद हैं।
वानखेड़े ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि मैं यहां आया और बच्चों, माताओं और धर्मगुरुओं से बात की। मैंने उन्हें अपने सर्वश्रेष्ठ क्षमता के अनुसार कानूनी प्रावधानों के बारे में समझाने की कोशिश की।"
दिल्ली हाईकोर्ट में दायर की थी याचिक
समीर वानखेड़े का आरोप था कि सीरीज में उनके चरित्र और उनके प्रोफेशनल लाइफ को लेकर झूठे और अपमानजनक तथ्य दिखाए गए हैं। उन्होंने कोर्ट से इस सीरीज पर अनिवार्य रोक लगाने और 2 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की थी। उन्होंने यह रकम कैंसर के मरीजों की मदद के लिए टाटा मेमोरियल अस्पताल को दान करने की इच्छा भी जाहिर की थी।
हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने समीर वानखेड़े की मानहानि याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि याचिका दिल्ली में मेंटेनेबल नहीं है, यानी इसे दिल्ली में विचाराधीन नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि याचिकाकर्ता यह साबित कर पाए कि उन्हें विभिन्न जगहों पर बदनाम किया गया और सबसे अधिक नुकसान दिल्ली में हुआ है, तो इस मामले पर दिल्ली में विचार किया जा सकता है।
आर्यन खान को लेकर क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, समीर वानखेड़े ने 2021 में आर्यन खान को क्रूज ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया था। इस मामले में आर्यन को 27 दिन जेल में रहना पड़ा और बाद में उन्हें क्लीन चिट मिल गई। सीरीज 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के एक सीन में एक सेलिब्रिटी को ड्रग्स लेते हुए दिखाया गया है, जिसमें नार्कोटिक्स डिपार्टमेंट के अधिकारी का चरित्र समीर वानखेड़े से मिलता-जुलता बताया गया। इस सीन के बाद सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा और मीम्स बने।
इस के साथ ही आर्यन खान की सीरीज पर फिलहाल कोर्ट से कोई रोक नहीं लगी है, और विवादित सीन को लेकर अब मामले में आगे की कोई कानूनी कार्रवाई दिल्ली में नहीं की जा रही। समीर वानखेड़े का यह बयान ऐसे समय में आया है जब 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' सीरीज के एक सीन को लेकर उनके खिलाफ मानहानि याचिका दायर की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications