25 साल बाद करण जौहर के साथ काम करेंगे सलमान खान, बनेंगे आर्मी ऑफिसर, खुल गया नई फिल्म का राज
Salman Khan New Film: बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान इस समय अपने बाल्ड लुक को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोगों को उनका ये लुक काफी पसंद आ रहा है। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि सलमान खान ने ये लुक अपनी किसी नई फिल्म के लिए लिया है। इसी बीच खबर है कि सलमान खान 25 साल बाद बॉलीवुड के फेमस फिल्म मेकर करण जौहर के साथ काम करने जा रहे हैं। इससे पहले सलमान खान ने करण जौहर की पहली फिल्म 'कुछ कुछ होता है' में काम किया था।
सलमान खान की नई फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान फिल्म मेकर करण जौहर की अपकमिंग फिल्म में आर्मी ऑफिसर के रोल में नजर आएंगे। हालांकि इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन अगर ऐसा होता है तो सलमान खान अपने करियर में पहली बार एक आर्मी ऑफिसर के रोल में दिखाई देंगे। इससे पहले भाईजान ने अपनी कई फिल्मों में पुलिस ऑफिसर का रोल निभाया है।

आर्मी ऑफिसर बनेंगे सलमान खान
सलमान खान की इस अपकमिंग मूवी का डायरेक्शन फिल्म 'शेरशाह' के निर्देशक विष्णु वर्धन करेंगे। खबर है कि नवंबर 2023 से इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो जाएगी। डायरेक्टर विष्णु वर्धन एक बार फिर से आर्मी से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं और इसमें वह सलमान खान को कास्ट करने की प्लानिंग कर चुके हैं।
भाईजान का बाल्ड लुक हुआ वायरल
सलमान खान का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें भाईजान बाल्ड लुक में नजर आ रहे हैं। लोगों की मानें तो आर्मी ऑफिसर बनने के चलते ही सलमान खान ने इस तरह का लुक अपनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म 'टाइगर 3' के रिलीज होने के तुरंत बाद ही सलमान खान इस नई फिल्म पर काम करना शुरू कर देंगे।
करण जौहर के साथ काम करेंगे सलमान खान
वहीं पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक सलमान खान, करण जौहर और विष्णु वर्धन काफी समय से एक बड़ी एक्शन फिल्म को लेकर काम करना चाहते थे। 'आप की अदालत' कार्यक्रम में सलमान खान ने इस बात को कंफर्म भी किया था कि उन्हें करण जौहर ने एक फिल्म ऑफर की है और वह जल्द ही उस पर काम शुरू करेंगे।
क्रिसमस 2024 पर रिलीज होगी फिल्म
विष्णु वर्धन 'शेरशाह' के बाद ये दूसरी हिंदी फिल्म का निर्देशन करेंगे। धर्मा प्रोडक्शन हाउस इस फिल्म को प्रोड्यूस करेगी। आपको बता दें मार्च 2024 से फिल्म 'टाइगर वर्सेज पठान' की शूटिंग शुरू होने की बात चल रही है। सलमान खान की आर्मी ऑफिसर वाली फिल्म को क्रिसमस 2024 पर रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा भी कर दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications