'सलमान खान के साथ जो काम करेगा, उसको मार देंगे', वायरल हुआ ऐसा Audio, बॉलीवुड में मची सनसनी
Salman Khan News: फेमस कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कप्स कैफे पर दो बार फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब इस हमले से जुड़ा एक धमकी भरा ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को चेतावनी दी गई है।
सलमान खान को लेकर वायरल हुआ ऑडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो में कहा जा रहा है कि यदि कोई भी एक्टर या फिल्ममेकर सलमान खान के साथ काम करेगा, तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा। हालांकि वनइंडिया हिंदी इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन ये ऑडियो पुलिस को सौंपा जा चुका है और इसकी जांच चल रही है।

गैंगस्टर हैरी बॉक्सर की धमकी में कही गईं ऐसी बातें
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये ऑडियो क्लिप कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर की है। इसमें वह साफ-साफ कहता है कि सलमान खान से जुड़ने वाले किसी भी डायरेक्टर, प्रोड्यूसर या एक्टर को अब धमकी नहीं दी जाएगी बल्कि सीधे गोली मार दी जाएगी।
-ऑडियो में कहा गया है- हम मुंबई का माहौल इतना खराब कर देंगे कि किसी ने सोचा भी नहीं होगा। चाहे कोई छोटा-मोटा कलाकार हो या नया डायरेक्टर, अगर उसने सलमान खान के साथ किसी भी तरह से सहयोग किया, तो उसकी जान चली जाएगी। अब की बार बस एक आखिरी चेतावनी है, अगली बार सीधा निशाना लिया जाएगा।
कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर चलीं गोलियां
-जानकारी के अनुसार कॉमेडी किंग कपिल शर्मा के कनाडा के सरे शहर में स्थित कप्स कैफे पर पहली बार गत 9 जुलाई 2025 को गोलियां चलाई गई थीं। हमलावरों ने करीब 9 से 12 राउंड फायरिंग की थी। इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी, जो एनआईए की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का सदस्य बताया जाता है।
-फायरिंग के बाद हरजीत संह लाडी ने फेसबुक पोस्ट में कहा था कि ये हमला कपिल शर्मा द्वारा किए गए कथित आपत्तिजनक मजाक का जवाब था, जिसमें निहंग सिखों को लेकर टिप्पणी की गई थी। इसके बाद कनाडा पुलिस ने घटना स्थल की सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर जांच शुरू कर दी थी।
-वहीं अब गत 7 अगस्त 2025 को कपिल शर्मा के उसी कैफे पर दोबारा फायरिंग की गई है। इस बार गोलीबारी और भी अधिक खतरनाक रही। बताया जा रहा है कि 6 से 25 राउंड तक फायरिंग हुई। कैफे की खिड़कियों और बिल्डिंग को खासा नुकसान भी पहुंचा है।
-इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। गोल्डी ढिल्लों ने अपने फेसबुक अकाउंट से पोस्ट करके कहा है कि कपिल शर्मा ने उनकी कॉल और मैसेजेस का जवाब नहीं दिया, इसलिए उन्हें ये कार्रवाई करनी पड़ी। साथ ही उसने धमकी दी है कि यदि अब भी कपिल ने जवाब नहीं दिया, तो मुंबई स्थित उनके घर को निशाना बनाया जाएगा।
हमले के बाद वायरल हुआ धमकीभरा ऑडियो
कपिल शर्मा के कैफे पर दूसरी बार हुए हमले के तुरंत बाद ही एक धमकीभरा ऑडियो वायरल हो रहा है जिसने फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी मचा दी है। इसके बाद से न केवल कपिल शर्मा बल्कि सलमान खान और उनसे जुड़े अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और ज्यादा बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications