सलमान खान के साथ ऐसा क्या हुआ? जो खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, याचिका पर 11 दिसंबर को होगी सुनवाई
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान अपनी फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' और 'बिग बॉस 19' के फिनाले के बाद एक नए मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेता ने अपने 'व्यक्तित्व अधिकारों' (Personality Rights) की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है।
इससे पहले अक्षय कुमार समेत कई एक्टर और एक्ट्रेस ऐसे ही मामले में कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं। सलमान ने भी व्यक्तिगत अधिकारों के हनन से बचने के लिए कानूनी सहायता मांगी है, जिसमें उनके नाम और तस्वीरों के अवैध इस्तेमाल पर रोक शामिल है।

सलमान खान की याचिका पर 11 दिसंबर को होगी सुनवाई
दरअसल, सलमान खान ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों (पर्सनालिटी राइट्स) की सुरक्षा के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया है। उन्होंने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर अपने नाम, फोटो और वीडियो के अनाधिकृत उपयोग पर रोक लगाने की मांग की है। इस मामले की सुनवाई गुरुवार, 11 दिसंबर को न्यायमूर्ति मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा की पीठ करेगी।
सलमान खान ने क्या की है डिमांड?
अपनी याचिका में सलमान खान ने विशेष रूप से यह मांग की है कि कोई भी सोशल मीडिया या ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म बिना उनकी अनुमति के उनके नाम, तस्वीर, व्यक्तित्व या किसी भी समानता का इस्तेमाल न कर सके। उन्होंने कोर्ट से अपनी छवि और प्रतिष्ठा खराब करने वाले एआई-जेनरेटेड वीडियो और तस्वीरों के खिलाफ आदेश जारी करने की भी अपील की है।
सलमान खान से पहले ये हस्तियां पहुंच चुके हैं कोर्ट
एचटी की रिपोर्ट के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब किसी फिल्मी हस्ती ने ऐसे अधिकारों की सुरक्षा चाही है। सलमान खान से पहले ऐश्वर्या राय बच्चन, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और जया बच्चन जैसे कई बड़े सितारों ने भी अपने व्यक्तित्व अधिकारों के संरक्षण के लिए अदालती कार्यवाही की है।
हाल के दिनों में ऋतिक रोशन, अजय देवगन, फिल्ममेकर करण जौहर, सिंगर कुमार सानू, तेलुगू स्टार अक्किनेनी नागार्जुन, आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक रवि शंकर, पत्रकार सुधीर चौधरी और पॉडकास्टर राज शमानी सहित कई हस्तियों को उनके पहचान और प्रचार से जुड़े अधिकारों के तहत अदालत से अंतरिम राहत मिल चुकी है।
वहीं, तेलुगू अभिनेता जूनियर एनटीआर ने भी दिल्ली उच्च न्यायालय में अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा की मांग करते हुए याचिका दायर की है। हालांकि, उनकी याचिका पर अभी तक अदालत का कोई अंतिम फैसला नहीं आया है, और यह मामला विचाराधीन है।












Click it and Unblock the Notifications