'मुझे मारना चाहता है लॉरेंस बिश्नोई, मेरा परिवार खतरे में है', पुलिस के सामने सलमान खान का चौंकाने वाला खुलासा
Salman Khan Firing Case: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इस समय सुर्खियों में छाए हुए हैं। इस समय सलमान खान का एक स्टेटमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुए फायरिंग को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
सलमान खान के घर पर हुई थी फायरिंग
सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग के मामले को लेकर सुपरस्टार सलमान खान की स्टेटमेंट भी पुलिस ने रिकॉर्ड की थी, जो अब आजतक के पास है। इस स्टेटमेंट के जरिए कई राज खुले हैं। आपको बता दें कि सलमान खान के मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में 14 अप्रैल 2024 की सुबह गन फायरिंग हुई थी।

2 बाइक सवार ने सलमान के घर पर की थी फायरिंग
इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गंभीरता से जांच शुरू की थी। भाईजान के घर पर फायरिंग करने वाले अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने सलमान खान के घर के बाहर कुछ राउंड फायरिंग की और फिर वहां से भाग गए थे। बाद में मुंबई पुलिस ने इन अपराधियों को गुजरात के कच्छ इलाके से पकड़ा था।
चार्जशीट में दर्ज है सलमान खान का ऐसा बयान
सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग के मामले की चार्जशीट मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दायर की है। इसमें सलमान खान के दिए गए बयान को भी शामिल किया गया है। अपने बयान में सलमान खान ने बताया था कि जब घर पर फायरिंग हुई थी तो वो कहां थे और क्या कर रहे थे। गत 4 जून 2024 को मुंबई क्राइम ब्रांच के एंटी एक्सटॉर्शन सेल के साथ सलमान खान ने अपने बयान को रिकॉर्ड करवाया था।
सलमान खान का स्टेटमेंट
-मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को दिए गए बयान में सलमान खान ने कहा था- मैं प्रोफेशन से एक फिल्म स्टार हूं। बांद्रा के बैंडस्टैंड के पास मेरे घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर कई मौकों पर मेरे फैंस की भीड़ जमा होती है। अपना प्यार उन्हें दिखाने के लिए मैं अपने फ्लैट की फर्स्ट फ्लोर की बालकनी से अपना हाथ हिलाता हूं।
-इसके अलावा जब मेरे घर पर पार्टी होती है, दोस्त और परिवार के लोग, मेरे पिता आते हैं तो मैं बालकनी में उनके साथ समय बिताना पसंद करता हूं। मैंने अपने लिए प्राइवेट सिक्योरिटी भी रखी हुई है।
-2022 में मेरे पिता सलीम खान ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज करवाई थी। मेरे पिता को एक चिट्ठी मिली थी जिसमें मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। ये लेटर मेरी अपार्टमेंट बिल्डिंग के दूसरी तरफ के बेंच पर रखा हुआ था।
-इसके बाद मार्च 2023 में मुझे अपनी ऑफिशियल ई-मेल आईडी पर मेरी टीम के एक एम्पलाई का एक मेल आया था, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से मुझे और मेरे परिवार को फिर से जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस बारे में भी मेरी टीम ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी।
सलमान खान के स्टेटमेंट में खुले कई राज
-सलमान खान ने पुलिस को दिए स्टेटमेंट में बताया- इस साल जनवरी में दो लोग नकली नाम और पहचान पत्र के साथ मेरे पनवेल स्थित फार्महाउस में घुसने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस से पता चला था कि वो दोनों अपराधी, जिन्होंने मेरे फार्महाउस में घुसने की कोशिश की वो राजस्थान के फाजिल्का गांव से थे, जो लॉरेंस बिश्नोई का भी गांव है।
-मैंने मेरे आसपास के सभी लोगों, मेरे रिश्तेदरों, परिवारवालों को हमेशा अलर्ट रहने के लिए बोला है। मुझे मुंबई पुलिस ने Y प्लस सिक्योरिटी दी है। मेरे साथ ट्रेंड पुलिसकर्मी, बॉडीगार्ड, प्राइवेट सिक्योरिटी बॉडीगार्ड, मेरे सिक्योरिटी कवर के लिए रहते हैं।
-सलमान खान ने कहा- 14 अप्रैल 2024 को मैं अपने रूम में सो रहा था जब मैंने पटाखों की आवाज सुनी। उस समय सुबह के 4.55 बजे थे जब पुलिस बॉडीगार्ड ने बताया कि बाइक पर आए दो लोगों ने गैलेक्सी अपार्टमेंट की फर्स्ट फ्लोर की बालकनी पर बंदूक से फायरिंग की है।
-इससे पहले भी मुझे और मेरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा चुकी है। मुझे पता चल है कि सोशल मीडिया के जरिए लॉरेंस बिश्नोई ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। मुझे विश्वास है कि लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के लोगों ने ही मेरी बालकनी पर फायरिंग करवाई थी।
-मेरे बॉडीगार्ड ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में गत 14 अप्रैल 2024 को मेरी जान लेने के लिए हुए इस हमले को लेकर एफआईआर दर्ज करवाई थी। मुझे ये भी पता चला है कि लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई ने फेसबुक की एक पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
-इससे पहले एक इंटरव्यू में लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग ने मुझे और मेरे परिवार को मारने को लेकर एक बड़ा बयान दिया था। ऐसे में मुझे विश्वास है कि लॉरेंस बिश्नोई ने अपने गैंग के साथियों की मदद से इस फायरिंग को अंजाम दिया था। उसका प्लान मुझे और मेरे परिवार वालों को मारने का था, जिसके लिए उसने ये हमला करवाया। आपको बता दें कि इस स्टेटमेंट पर सलमान खान ने अपने दस्तखत किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications