फ्लॉप फिल्मों के बाद भी सलमान खान नहीं ले रहे सबक, 'बैटल ऑफ गलवान' में भी दोहरा गलतियां!
'सिकंदर' की असफलता के बाद सलमान खान अपने काम करने के तरीकों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन सलमान ने अपनी वर्किंग स्टाइल में बदलाव करने के बजाय इसे लेकर और स्पष्ट रुख अपनाया है। नवीनतम रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अपनी अगली फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' के निर्देशक अपूर्व लाखिया से शूटिंग टाइमिंग पर खुलकर बात की है।

'सिकंदर' के फ्लॉप होने के बाद निर्देशक ए. आर. मुरुगादोस ने यह दावा किया था कि सलमान के देर से सेट पर पहुंचने की आदत फिल्म की नाकामी का एक बड़ा कारण रही। यह बयान सामने आने के बाद सलमान खान और उनके कार्यशैली को लेकर बहस तेज हो गई। इसी पृष्ठभूमि में सलमान ने अपूर्व लाखिया से मुलाकात की और अपने समय-सारणी को लेकर स्पष्टता दी।
वर्क रिदम नहीं बदल सकता
एक सूत्र के मुताबिक सलमान ने निर्देशक से कहा, "देखो भाई, मैं अपना वर्क रिदम नहीं बदल सकता, लेकिन मैं तुम्हें रोज़ शूट पर आने का अपना सही समय पहले ही बता दूंगा। अगर मैंने कहा कि मैं शाम 6 बजे आऊंगा, तो मैं ठीक 6 बजे पहुंच जाऊंगा। ऐसे में अगर आप सुबह 9 बजे पूरी टीम बुला लें, तो वो आपकी गलती होगी।" सलमान के इस बयान के बाद निर्देशक अपूर्व लाखिया ने पूरी शूटिंग का शेड्यूल सलमान के कार्य समय को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है।
'बैटल ऑफ गलवान' में एक्टिंग के साथ प्रोडक्शन में भी सक्रिय
फिल्म 2020 के गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित है। इसमें सलमान न केवल मुख्य अभिनेता हैं, बल्कि सह-निर्माता के तौर पर भी जुड़े हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, वे फिल्म की एडिटिंग में भी शामिल हो रहे हैं और संभव है कि उन्हें फिल्म में सह-संपादक के रूप में भी क्रेडिट दिया जाए।
मुरुगादोस ने लगाए थे गंभीर आरोप
'सिकंदर' के बाद ए.आर. मुरुगादोस ने बताया था कि सलमान अक्सर रात 8 बजे सेट पर पहुंचते थे, जिसके कारण दिन की शूटिंग भी रात में करनी पड़ती थी। इससे बच्चों सहित कई कलाकारों और तकनीकी टीम को देर रात तक इंतजार करना पड़ता था। सलमान ने 'बिग बॉस 19' में इन आरोपों को स्वीकार किया था, लेकिन यह भी स्पष्ट किया था कि उस समय उनकी पसलियों में चोट थी, जिसकी वजह से उन्हें देर होती थी।












Click it and Unblock the Notifications