बुरी खबर: मशहूर कोरियोग्राफर शिवशंकर का निधन, सोनू सूद ने भी भेजी थी मदद लेकिन...
फिल्म जगत से बुरी खबर, दिग्गज कोरियोग्राफर शिवशंकर का निधन
नई दिल्ली, 29 नवंबर: कोरोना वायरस महामारी के बीचे बीते दो साल फिल्म और टेलीविजन की दुनिया पर बेहद भारी गुजरे हैं। इन दो सालों के दौरान फिल्म जगत ने ऋषि कूपर, इरफान, खान, सुशांत सिंह राजपूत, दिलीप कुमार और सिद्धार्थ शुक्ला के अलावा बॉलीवुड के कई बड़े सितारों को खो दिया। इस बीच फिल्म जगत से एक और बुरी खबर आई है। मशहूर कोरियोग्राफर शिवशंकर का कोरोना वायरस की वजह से निधन हो गया है। 72 वर्षीय शिवशंकर पिछले कई दिनों से हैदराबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका इलाज चल रहा था।
Recommended Video


छोटे बेटे ने मांगी थी परिवार के लिए मदद
आपको बता दें कि अभी हाल ही में खबर आई थी कि शिवशंकर हैदराबाद के एआईजी हॉस्पिटल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इन मुश्किल हालात में शिवशंकर के छोटे बेटे अजय कृष्ण ने अपने पिता, मां और भाई के इलाज को लेकर मदद भी मांगी थी। इसके बाद जब बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद तक शिवशंकर की खबर पहुंची तो उन्होंने तुरंत उनके बेटे अजय से संपर्क साधा और परिवार के इलाज के लिए मदद की।

सोनू सूद के अलावा इन लोगों ने भी की मदद
सोनू सूद के अलावा फिल्म अभिनेता धनुष और विष्णु मांचु ने भी शिवशंकर के परिवार के लिए आर्थिक मदद भेजी थी। हालांकि सभी की मदद के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। शिवशंकर के परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार सोमवार को ही किया जाएगा। शिवशंकर के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। फिलहाल कोरोना की वजह से उनकी पत्नी घर पर ही क्वारंटाइन हैं, जबकि बड़े बेटे का इलाज हॉस्पिटल में चल रहा है।

कौन थे शिवशंकर?
तमिल और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के अंदर कोरियोग्राफर शिवशंकर एक जाना-पहचाना नाम थे। 7 दिसंबर 1948 को चेन्नई में जन्मे शिवशंकर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत एक असिस्टेंट कोरियोग्राफर के तौर पर की थी। इसके बाद कुरुविकुडु, मन्ना वासनाई, साताई इलथा पंबारम और खैदी जैसी फिल्मों के लिए उन्होंने खुद कोरियोग्राफर का काम किया। कोरियोग्राफी के अलावा शिवशंकर ने कई तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया।

'भगवान को कुछ और ही मंजूर था'
शिवशंकर के निधन पर तमिल और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के अलावा बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने भी ट्वीट कर शोक जताया है। सोनू सूद ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'शिवशंकर मास्टरजी के निधन की खबर सुनकर दिल को गहरा धक्का लगा है। उन्हें बचाने के लिए हम लोगों ने काफी कोशिश की, लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। हम आपको हमेशा याद करेंगे मास्टरजी। ईश्वर उनके परिवार को इस बड़े दुख को सहने की शक्ति दे। सिनेमा आपको हमेशा याद करेगा सर।'
ये भी पढ़ें- 'भारत में कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज क्यों नहीं दी जा रही?'











Click it and Unblock the Notifications