Salman Khan के बाद अब रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, जुहू में हाई अलर्ट, जांच जारी, क्या है मामला?
Rohit Shetty Firing: मुंबई के पॉश इलाके जुहू से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। खबर है कि बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर देर रात अज्ञात लोगों द्वारा पांच राउंड फायरिंग की है जिसके बाद से इलाके में हड़कंप मच गई है।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग
इस घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। हालांकि राहत की बात ये रही कि इस घटना में रोहित शेट्टी या फिर किसी और के घायल होने की खबर नहीं है लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।

आधी रात को गूंजी गोलियों की आवाज
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये घटना 1 फरवरी 2026 (रविवार) आधी रात के आसपास हुई, जब रोहित शेट्टी अपने जुहू स्थित घर में मौजूद थे। अचानक उनकी बिल्डिंग के बाहर गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
-स्थानीय लोगों की सूचना पर जुहू पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पुलिस की गाड़ियां, बैरिकेडिंग और सख्त निगरानी साफ नजर आ रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, हर एंगल से हो रही जांच
पुलिस अब रोहित शेट्टी के घर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है, चाहे वह व्यक्तिगत दुश्मनी हो, धमकी का मामला हो या कोई और वजह।
सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग की घटना से हुई तुलना
इस घटना के बाद लोगों को हाल ही में सुपरस्टार सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना की याद आ गई है, जब बदमाशों ने दहशत फैलाने की कोशिश की थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक रोहित शेट्टी मामले को किसी गैंग या पूर्व घटना से जोड़कर नहीं देखा है लेकिन जांच एजेंसियां सतर्क हैं।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा, हाई प्रोफाइल निगरानी
घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और बिल्डिंग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
एक्शन फिल्मों के मास्टरमाइंड हैं रोहित शेट्टी
आपको बता दें कि रोहित शेट्टी बॉलीवुड के उन फिल्ममेकर्स में गिने जाते हैं, जो अपनी एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर हैं। उनकी फिल्मों में उड़ती गाड़ियां, जबरदस्त स्टंट और मसाला एंटरटेनमेंट दर्शकों को खूब पसंद आता है। उनकी फिल्मों की लिस्ट में 'सिंघम', 'सिंघम रिटर्न्स', 'सिंबा', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'दिलवाले', 'गोलमाल' सीरीज समेत कई सुपरहिट मूवीज शामिल हैं।
पुलिस जल्द कर सकती है बड़ा खुलासा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कोई भी जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बिना शेयर नहीं कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि CCTV और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंच बनाई जा सकेगी। मुंबई जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में इस तरह की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications