भोजपुरी स्टार और BJP सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी, क्या हुई बात? पुलिस की जांच शुरू
Ravi Kishan: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) से गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जानकारी के मुताबिक उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है।
सांसद रवि किशन को मिली जान से मारने की धमकी
रवि किशन को ये धमकी एक फोन कॉल के जरिए दी गई है जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बिहार के आरा जिले के जवनिया गांव में रहने वाले एक शख्स ने रवि किशन को धमकाने की कोशिश की है।

आरा जिले के एक शख्स ने फोन पर दी धमकी
आरोपी ने बीजेपी सांसद के निजी सचिव शिवस द्विवेदी को फोन कर रवि किशन को गोली मारने की धमकी दी है। बताया जा रहा है कि पहले उस शख्स ने फोन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और फिर सीधे जान से मारने की बात कही।
रवि किशन के निजी सचिव ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
-शिवस द्विवेदी की शिकायत में बताया गया है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को अजय कुमार यादव बताया था। उसने कहा था कि रवि किशन यादव समाज पर टिप्पणी करते हैं और इसी वजह से वह उन्हें गोली मार देगा।
-हालांकि सांसद रवि किशन के सचिव ने स्पष्ट किया है कि एक्टर ने किसी भी जाति या समुदाय के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने ये भी कहा है कि वह रवि किशन की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। उसने धमकी दी है कि जब सांसद चार दिन बाद बिहार आएंगे तो वह उन्हें गोली मार देगा।
पुलिस ने की कार्रवाई शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल रवि किशन के फैंस इस घटना से चिंतित हैं लेकिन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें।












Click it and Unblock the Notifications