रणवीर सिंह की 'धुरंधर' से घाटी के थिएटर में लौटी खुशियां, कश्मीर के इन इलाकों में फिल्म के शो हो रहे हाउसफुल
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को न सिर्फ बड़े शहरों में बल्कि देश के उन इलाकों में भी शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है, जहां लंबे समय से सिनेमाघरों में दर्शकों की कमी देखी जा रही थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फिल्म की क्लिप्स और दृश्यों ने इसे मजबूत पॉजिटिव माउथ पब्लिसिटी दिलाई है, जिसका सीधा असर टिकट खिड़की पर साफ दिखाई दे रहा है।

कश्मीर के सिंगल स्क्रीन्स में लौटी रौनक
'धुरंधर' की सफलता का सबसे चौंकाने वाला पहलू जम्मू और कश्मीर के सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में देखने को मिला है। लंबे समय से खाली पड़े इन सिनेमाघरों में फिल्म के कई शो हाउसफुल जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते वीकेंड जम्मू, श्रीनगर के साथ-साथ शोपियां और पुलवामा जैसे छोटे कस्बों में भी दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।
छोटे कस्बों में भी दिखा जबरदस्त क्रेज
जहां मल्टीप्लेक्स की सुविधा सीमित है, वहां भी 'धुरंधर' ने सिंगल स्क्रीन्स पर शानदार प्रदर्शन किया है। जम्मू-कश्मीर में 100 से 150 सीटों की क्षमता वाले छोटे थिएटर्स में भी फिल्म के शो लगातार भर रहे हैं। इससे साफ है कि अच्छी कंटेंट वाली फिल्में सही माहौल मिलने पर हर क्षेत्र में दर्शक खींच सकती हैं।
थिएटर मालिकों की बढ़ी उम्मीदें
Citara सिनेमा श्रृंखला के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल मेहरा ने इस सकारात्मक ट्रेंड पर खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि छोटे शहरों और कस्बों के लिए अफोर्डेबल और नज़दीकी सिनेमाघर दर्शकों को फिर से थिएटर तक लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। शोपियां और पुलवामा जैसे इलाकों में 'धुरंधर' की प्रतिक्रिया ने उनके इस विश्वास को और मजबूत किया है।
कहानी और कंटेंट बना बड़ी ताकत
'धुरंधर' की कहानी पाकिस्तान के ल्यारी गैंगवार और एक भारतीय जासूस के मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है। दमदार विषय, मजबूत स्क्रीनप्ले और रणवीर कपूर के अभिनय ने दर्शकों को थिएटर तक खींचा है। फिल्म ने रिलीज़ के 10 दिनों में भारत में 351 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 530 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। दूसरा वीकेंड भी बेहद मजबूत रहा, जिसके चलते 'धुरंधर' को साल 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में गिना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications