'रंग ला रही फैंस की दुआएं, अफवाहों पर ध्यान न दें लोग', राजू श्रीवास्तव के भाई ने फैंस से की अपील
राजू श्रीवास्तव की हेल्थ को लेकर उनके भाई दीपू का बयान सामने आया है। दीपू ने कहा कि फैंस की दुआएं काम कर रही हैं।
मुंबई, 20 अगस्त: बीते दिनों कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हेल्थ को लेकर अपडेट था कि उनकी हालत खराब हो रही है। इसके साथ ही उनके ब्रेन डेड होने की खबरें भी सुर्खियों में थीं। हालांकि, इन सभी खबरों पर विराम लगाते हुए राजू श्रीवास्तव के परिवार ने लोगों को उनका हेल्थ अपडेट दिया है। राजू अभी भी दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं और कॉमेडियन को लेकर सोशल मीडिया पर उड़ रही अफवाहों के बीच उनके परिवार का बयान सामने आया है। राजू के भाई दीपू श्रीवास्तव ने उनका हेल्थ अपडेट देते हुए फैंस से खास अपील भी की है।

10 दिनोें से एडमिट हैं कॉमेडियन
राजू श्रीवास्तव पिछले 10 दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं। कॉमेडियन की हेल्थ को लेकर रोज एक नया अपडेट सामने आ रहा है। बीते दिनों उनका स्वास्थ्य खराब होने की खबरें सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही थीं। ऐसे में अब उनकी सेहत को लेकर परिवार का बयान सामने आया है।

क्या बोले दीपूु श्रीवास्तव?
राजू श्रीवास्तव की हेल्थ को लेकर उनके भाई दीपू श्रीवास्तव ने फैंस के साथ अपडेट साझा किया है। दीपू ने फैंस की दुआओं और प्रार्थनाओं के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।

फैंस से की खास अपील
एक वीडियो मैसेज में दीपू श्रीवास्तव ने कहा कि वे अभी तक अस्पताल में हैं लेकिन उन्हें भरोसा है कि फैंस की दुआएं जल्द काम करेंगी। हमें बहुत अच्छी सुविधाएं मिल रही हैं। राजू को ठीक करने में प्रोफेनशल डॉक्टर्स की टीम काफी मेहनत कर रही है।

अफवाहों का किया खंडन
राजू के भाई दीपू ने कॉमेडियन की हेल्थ को लेकर अफवाहों का खंडन किया और ऐसी तमाम अफवाहों पर यकीन ना करने का आग्रह किया है। दीपू ने फैंस से दुआएं करते रहने की अपील की है।

'राजू फाइटर हैं'
राजू के भाई दीपू ने उन्हें फाइटर बताया। उन्होंने कहा कि वे जल्द ठीक होकर और ये जंग जीतकर वापस आएंगे और अपनी कॉमेडी से सभी का मनोरंजन करेंगे।

जिम में आया हार्ट अटैक
बताते चलें कि 10 अगस्त को राजू श्रीवास्तव को जिम में एक्सरसाइज करने के दौरान हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनके ट्रेनर उन्हें अस्पताल लेकर आए। इसके बाद से कॉमेडियन दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं।












Click it and Unblock the Notifications