राजकुमार राव और पत्रलेखा ने अल्फा जेन बेटी का रखा ऐसा नाम, जिसे जान उनके फैंस भी हो जाएंगे गदगद
राजकुमार राव और पत्रलेखा ने अपनी निजी ज़िंदगी की सबसे खूबसूरत खुशखबरी साझा करते हुए अपनी बेटी के नाम का ऐलान कर दिया है। इस सेलिब्रिटी कपल ने इंस्टाग्राम पर अपनी नन्ही परी की पहली भावनात्मक झलक साझा की और बताया कि उनकी बेटी का नाम 'पर्वती पॉल राव' रखा गया है। इस पोस्ट के साथ ही दोनों ने अपने प्रशंसकों को माता-पिता बनने की अपनी सबसे बड़ी खुशी से रूबरू कराया।

साझा की गई तस्वीर बेहद सादगी और भावनाओं से भरी हुई है। फोटो में बच्ची का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा, लेकिन उसकी छोटी-सी उंगलियां अपने माता-पिता की उंगलियों को थामे हुए नज़र आ रही हैं। यह दृश्य नए माता-पिता के बीच बने गहरे रिश्ते और प्रेम को दर्शाता है। तस्वीर की कोमलता और भावनात्मक गहराई ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया है।
इस तस्वीर के साथ राजकुमार और पत्रलेखा ने लिखा, "हाथ जोड़कर और पूरे दिल से, हम अपने सबसे बड़े आशीर्वाद का परिचय कराते हैं।" इसके साथ उन्होंने अपनी बेटी का नाम 'पर्वती पॉल राव' बताते हुए दिल और प्रार्थना वाले इमोजी जोड़े, जिसने इस पल को और भी खास बना दिया।
'पर्वती' नाम भारतीय परंपरा में शक्ति, करुणा और भक्ति का प्रतीक माना जाता है। वहीं 'पॉल' और 'राव' दोनों माता-पिता के पारिवारिक नामों को दर्शाते हैं। नाम के ऐलान के साथ ही सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और प्रशंसकों ने इस जोड़े को ढेरों शुभकामनाएं दीं।
राजकुमार राव और पत्रलेखा ने नवंबर 2025 में अपनी बेटी का स्वागत किया था। खास बात यह है कि उनकी बेटी ने दुनिया में कदम उनकी चौथी शादी की सालगिरह के दिन रखा। कपल ने उस समय लिखा था कि ईश्वर ने उन्हें इस खास दिन पर सबसे बड़ा उपहार दिया है और वे इस खुशी से अभिभूत हैं।
दोनों की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। सालों पहले मुलाकात के बाद उनका रिश्ता धीरे-धीरे गहराता गया। 2014 में फिल्म 'सिटीलाइट्स' के दौरान उनका रिश्ता मजबूत हुआ और नवंबर 2021 में उन्होंने शादी कर ली।












Click it and Unblock the Notifications