28 की उम्र में ही राजेश खन्ना ने बना लिया था अपना स्टारडम, आखिरी दिनों में हो गई थी उनकी ऐसी हालत
Rajesh Khanna Birthday: राजेश खन्ना बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार थे। साल 2011 में काका की तबीयत काफी खराब हो गई थी। उन्हें कैंसर हो गया था। उसके बाद वह सबसे अलग रहने लगे थे और तन्हाई में डूबने लगे थे।

Rajesh Khanna Birthday: बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना की एक्टिंग के आज भी लोग दीवानें है। राजेश खन्ना की फिल्मों की कहानी के साथ साथ उनकी फिल्मों के गाने भी लोगों के दिल पर अलग छाप छोड़ते थे। आज राजेश खन्ना का 80वां जन्मदिवस है। दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना ने अपने करियर में जैसा स्टारडम देखा था, वैसा उस समय किसी और फिल्म स्टार को नसीब नहीं हुआ। महज 28 साल की उम्र में राजेश खन्ना बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार बन गए थे। उन्होंने लगातार 15 सालों तक कई हिट फिल्में दी हैं। हालांकि एक वक्त ऐसा भी आया जब राजेश खन्ना की जिंदगी में मायूसी छा गई थी। उनकी निजी जिंदगी में उथल-पुथल मच गई थी और करियर को भी एक बड़ा झटका लग गया था। उन दिनों राजेश खन्ना सब चीजों से दूर हो गए थे और बेहद अकेले भी हो गए थे। आज उनके जन्मदिवस के मौके पर आइए आपको बताते हैं कि कैसे राजेश खन्ना ने अपना स्टारडम तैयार किया था और आखिरी दिनों में उनकी हालत क्यों हो गई थी खराब।

तन्हाई में डूबने लगे थे राजेश खन्ना
आपको बता दें कि कभी बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को अपना सबसे बड़ा प्रतिद्वंदी मानने वाले राजेश खन्ना एक समय पर तन्हाई में डूबने लगे थे। पेंग्विन पब्लिकेशन से प्रकाशित राजेश खन्ना की जीवनी 'राजेश खन्ना: कुछ तो लोग कहेंगे' में लेखक और पत्रकार यासिर उस्मान ने राजेश खन्ना के निधन से पहले साल 2011 का एक किस्सा बयां करते हुए कई चीजें बताई हैं। फिल्म डायरेक्टर अशोक त्यागी के हवाले से उन्होंने लिखा है कि फिल्म 'रियासत' की शूटिंग के समय राजेश खन्ना का जो रोल था, वह ठीक उसी तरह का था जैसा फिल्म 'सरकार' में अमिताभ बच्चन ने निभाया था।

राजेश खन्ना की परफॉरमेंस देख दंग रह गए थे लोग
जब राजेश खन्ना को इस बात का पता चला तो उन्होंने अशोक त्यागी से 'सरकार' और 'गॉडफादर' दोनों फिल्मों की डीवीडी मंगवाई और बैठकर पूरी फिल्म देखी थी। अशोक त्यागी कहते हैं कि अगले दिन जब राजेश खन्ना सेट पर आए तो उनका परफॉरमेंस देख सब दंग रह गए थे। राजेश खन्ना एक्टिंग करने के बाद कभी भी पलटकर मॉनिटर नहीं देखते थे। उनका मानना था कि हमारे जमाने में कहां मॉनिटर होता था।

साल 2011 में बिगड़ गई थी राजेश खन्ना की तबीयत
साल 2011 के जून महीने में राजेश खन्ना की तबीयत अचानक बहुत बिगड़ गई थी। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें कैंसर हो गया है। राजेश खन्ना को डॉक्टर की इस बात भरोसा ही नहीं हो रहा था। इन्हीं दिनों का एक किस्सा लेखक सलीम खान बताते हैं। सलीम खान के अनुसार उन दिनों सलीम खान अपने पनवेल के फार्म हाउस पर शिफ्ट हो गए थे और मुंबई कम ही जाते थे। एक दिन सलीम खान मुंबई किसी पार्टी में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। वहां राजेश खन्ना भी मौजूद थे। सलीम खान ने बताया कि एक बार के लिए तो मैं उनको देखकर पहचान ही नहीं पाया। उनकी हालत ऐसी हो गई थी कि राजेश खन्ना जैसे लग ही नहीं रहे थे।

काका लोगों को करने लगे थे इग्नोर
सलीम खान कहते हैं- मुझे लगा कि अपने दिल में कोई मलाल नहीं रखना चाहिए। ऐसी हालत में राजेश खन्ना से मिलना चाहिए और चीजें ठीक कर लेनी चाहिए। अगले दिन मैं उनके बंगले पर पहुंचा और मैसेज भेजा कि मैं आपसे मिलना चाहता हूं। राजेश खन्ना ने अंदर से ही पूछा कि क्यों मिलना चाहते हैं? उस दिन हमारी मुलाकात नहीं हो पाई। इन्हीं दिनों एक पार्टी में प्रेम चोपड़ा भी राजेश खन्ना से मिले थे। वह बताते हैं- मैंने राजेश खन्ना को गले लगाया, लेकिन उनका रिस्पाॉन्स इतना ठंडा था कि मुझे बहुत बुरा लगा। उन्होंने मुझे इग्नोर कर दिया था, लेकिन मुझे इस बात का और अफसोस हुआ कि वह कितने दुखी हैं।

महेश भट्ट ने की थी बहादुर शाह जफर से तुलना
यासिर उस्मान अपनी किताब में फिल्म डायरेक्टर महेश भट्ट के एक बयान का जिक्र करते हैं। इसमें महेश भट्ट ने राजेश खन्ना के आखिरी दिनों का जिक्र करते हुए कहा था कि काका की हालत आखिरी मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर जैसी हो गई थी। राजेश खन्ना एक ऐसे सुल्तान थे जो अपनी सल्तनत खो चुके थे लेकिन मानने को तैयार नहीं थे कि अब उनका दौर खत्म हो चुका है। अब समय पहले जैसा नहीं रहा। आपको बता दें कि राजेश खन्ना ने अपने करियर में 160 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। 100 से ज्यादा फिल्मों में उन्होंने लीड रोल निभाया था। वह 14 बार फिल्म फेयर बेस्ट एक्टर के लिए नॉमिनेट हुए थे और उन्होंने 3 बार अवॉर्ड जीता भी था।












Click it and Unblock the Notifications