राहुल फाजिलपुरिया पर किसने करवाई फायरिंग? सुनील सरधानिया ने दी खुलेआम धमकी, 5 करोड़ रुपए से जुड़ा मामला?
Rahul Fazilpuria: गत 14 जुलाई 2025 को गुरुग्राम में मशहूर हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग की घटना अब एक नया मोड़ ले चुकी है। जहां पुलिस ने इस केस में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर एक गैंगस्टर सुनील सरधानिया ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
गैंगस्टर सुनील सरधानिया का नाम आया सामने
आपको बता दें कि गैंगस्टर सुनील सरधानिया ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए ये दावा किया है कि राहुल फाजिलपुरिया ने उससे 5 करोड़ रुपये लिए थे, जो अब तक वापस नहीं किए हैं। सुनील ने अपने पोस्ट में धमकी देते हुए कहा है कि यदि पैसे नहीं लौटाए गए, तो हर महीने सिंगर के किसी जानकार या रिश्तेदार को जान से मार दिया जाएगा।

पुलिस ने 25 साल के विशाल को किया गिरफ्तार
सुनील सरधानिया की ये धमकी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और पुलिस के लिए चिंता का कारण बन गई है। जानकारी के अनुसार इस मामले में हरियाणा पुलिस ने 25 वर्षीय विशाल नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जो सोनीपत का रहने वाला है।
राहुल फाजिलपुरिया की होती थी रेकी
-पूछताछ में सामने आया है कि विशाल और उसके साथी कई बार गुरुग्राम आए थे और राहुल फाजिलपुरिया की गतिविधियों की निगरानी की थी। उन्होंने ये पता लगाया था कि सिंगर कब और कहां जाते हैं, कितनी देर रुकते हैं, कौन-कौन से रास्ते इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए आरोपी कई बार अलग-अलग गेस्ट हाउस में भी ठहरा था।
-पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हमले वाले दिन भी विशाल ने राहुल फाजिलपुरिया की रेकी की थी और अपने साथियों को सटीक जानकारी दी थी, जिससे हमले को अंजाम देना आसान हो गया था।
क्या हुआ था 14 जुलाई 2025 की शाम को?
-पुलिस ने बताया कि गत 14 जुलाई 2025 की शाम, जब राहुल फाजिलपुरिया अपनी थार एसयूवी में साउदर्न पेरिफेरल रोड से गुजर रहे थे, तभी दूसरी गाड़ी में सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दी थीं।
-सिंगर ने अपनी सूझबूझ से गाड़ी को तेजी से भगाया और खुद को हमले से बचा लिया। हमलावर जिस कार में आए थे, वह गाड़ी उसी दिन कुछ घंटों पहले किराए पर ली गई थी। पुलिस अब उस गाड़ी के मालिक और ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है।
गैंगस्टर सुनील सरधानिया ने दी जान से मारने की धमकी
-वहीं राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले के बाद, गैंगस्टर सुनील सरधानिया के सोशल मीडिया पोस्ट ने चारों तरफ सनसनी फैला दी है। सुनील सरधानिया ने लिखा है- अगर मारना होता तो उसके ऑफिस के बाहर ही गोली मारते, ये सिर्फ चेतावनी थी। उसने ये भी दावा किया कि राहुल फाजिलपुरिया ने उसके साथी दीपक नांदल से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे ताकि वह म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम जमा सके, लेकिन स्टार बनने के बाद उसने बातचीत ही बंद कर दी।
-सोशल मीडिया पोस्ट में ये भी लिखा है- हमारे पास तेरे करीबी लोगों की जानकारी है, अगर पैसे नहीं लौटाए तो हर महीने एक को खत्म कर दूंगा। हालांकि पुलिस ने इस दावे पर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इस मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर क्या लिखा जा रहा है, वह सबूत नहीं होता, केवल जांच की दिशा तय करता है।
एल्विश यादव के साथ दोस्ती और कई बड़े विवाद
-राहुल फाजिलपुरिया अपने कई गानों की वजह से काफी पॉपुलर हो गए थे लेकिन उनका नाता कई विवादों से भी रहा है। जानाकरी के अनुसार 'बिग बॉस ओटीटी 2' के विनर यूट्यूबर एल्विश यादव के साथ राहुल फाजिलपुरिया की काफी अच्छी दोस्ती है। दोनों हाल ही में सांपों के जहर की तस्करी के मामले में फंस गए थे जिसके चलते ईडी ने भी उनसे पूछताछ की थी।
-साल 2024 में राहुल फाजिलपुरिया ने जननायक जनता पार्टी (JJP) के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। उस दौरान भी उनका नाम एक हत्या के मामले में सामने आया था, हालांकि बाद में कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था।
राहुल फाजिलपुरिया की पर्सनल जिंदगी के उतार चढ़ाव
-राहुल फाजिलपुरिया की निजी जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही है। बहुत की कम उम्र में उन्होंने अपने पिता रामबीर को खो दिया था। वहीं उनकी मां की मौत साल 2016 में हो गई थी। इसके बाद उन्होंने गुरुग्राम निवासी हिमानी से शादी की थी, जो तीन साल में ही टूट गई। इन सबके बीच उन्होंने परिवार और करियर दोनों को संभालने की कोशिश की।
-राहुल फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग अब केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि कई पहलुओं में उलझी हुई कहानी बन चुकी है। इसमें पैसों का विवाद, गैंगस्टर की धमकी, पुलिस की जांच और एक पॉपुलर सिंगर की निजी जिंदगी की परतें खुलती दिख रही हैं। ऐसे में लग रहा है कि आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications