Prem Chopra Health: धर्मेंद्र के बाद अब प्रेम चोपड़ा अस्पताल में हुए भर्ती, जानें क्या हुई है बीमारी?
Prem Chopra Health Update: धर्मेंद्र के बाद अब दिग्गज एक्टर प्रेम चोपड़ा को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 90 वर्षीय अभिनेता को पहले हृदय से जुड़ी समस्या हुई हैं। जिसके बाद उन्हें फेफड़ों में संक्रमण हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और अगले दो से तीन दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

डॉक्टर नितिन गोखले और जलील पार्कर की देखरेख में इलाज
10 नवंबर 2025 को अचानक तबीयत बिगड़ने पर प्रेम चोपड़ा को बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल ले जाया गया। यहां उनका इलाज प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नितिन गोखले और डॉ. जलील पार्कर की देखरेख में चल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके शरीर में संक्रमण फैलने लगा था, लेकिन समय रहते उपचार शुरू कर दिया गया, जिससे अब उनकी हालत में सुधार देखा जा रहा है।
पहले भी झूठी अफवाहों का शिकार हो चुके हैं प्रेम चोपड़ा
कुछ साल पहले सोशल मीडिया पर प्रेम चोपड़ा के निधन की झूठी खबरें फैली थीं। उस समय उन्होंने खुद सामने आकर कहा था, "लोग बिना वजह ऐसी गलत बातें फैलाते हैं, जिससे परिवार और दोस्तों को चिंता होती है।" उन्होंने तब अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील भी की थी।
पहले कोविड से भी जूझ चुके हैं अभिनेता
कोरोना महामारी के दौरान, प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा भी संक्रमण की चपेट में आए थे। तब भी उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था और डॉक्टर जलील पार्कर की टीम ने उनका इलाज किया था। कुछ ही दिनों में दोनों स्वस्थ होकर घर लौट आए थे।
सिनेमा में छह दशकों की विरासत
प्रेम चोपड़ा ने अपने करियर में 400 से अधिक फिल्मों में काम किया है। उनका मशहूर डायलॉग - "प्रेम नाम है मेरा, प्रेम चोपड़ा" - आज भी दर्शकों की जुबान पर है। उनकी दमदार अदाकारी और विलेन के रूप में खास पहचान ने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार कलाकारों में शामिल कर दिया। साल 2023 में उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
फैंस ने मांगी दुआ, धर्मेंद्र भी अस्पताल में
इस बीच, अभिनेता धर्मेंद्र देओल भी ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। हेमा मालिनी ने बताया कि धर्मेंद्र की हालत स्थिर है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। प्रेम चोपड़ा और धर्मेंद्र दोनों ही पीढ़ियों से दर्शकों के चहेते रहे हैं, और उनके फैंस सोशल मीडिया पर दोनों दिग्गजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications