116 करोड़ रुपए की बंपर कमाई कर सकती है प्रभास की 'सालार', बनी साल 2023 की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म
Prabhas Salaar: साउथ के सुपरस्टार प्रभास की फिल्म 'सालार: पार्ट 1 सीजफायर' आज यानी 22 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को दर्शकों जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म को थिएटर्स में देखने पहुंचे प्रभास के फैंस की दिवानगी देखते ही बन रही है। लोगों को ये फिल्म खूब पसंद आ रही है। हालांकि इस बात का अंदाजा फिल्म की बंपर एडवांस बुकिंग से ही लगा लिया गया था। अब कहा जा रहा है कि ये फिल्म करोड़ों की बंपर कमाई के साथ साल 2023 की सबसे बड़ी ओपनर मूवी बनेगी।
बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है 'सालार'
लोगों में फिल्म 'सालार' के लिए एक अलग ही क्रेज देखने को मिल रहा है। आज सुबह से ही थिएटर्स भी दर्शकों से भरे हुए नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि 'सालार' ने रिलीज होते ही लोगों के दिलों को जीत लिया है और ये बॉक्स ऑफिस पर भी धूम मचा रही है। हर कोई 'सालार' की कहानी के साथ साथ प्रभास की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ कर रहा है।

बन सकती है साल की सबसे बड़ी ओपनर मूवी
कुछ यूजर्स तो ये तक कह रहे हैं कि ये प्रभास की अब तक की सबसे बेस्ट फिल्म है। इन सबके बीच 'सालार' के रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग करने की उम्मीद की जा रही है। ऑरमैक्स मीडिया के मुताबिक 'सालार' पहले दिन 116.8 करोड़ की कमाई कर सकती है। फिल्म कई भाषाओं में रिलीज हुई है और इसने सबसे ज्यादा कमाई तेलुगू भाषा में की है। तेलुगू संस्करण के लिए 71.2 करोड़ की कमाई के अलावा इस फिल्म को अन्य भाषाओं से 45.6 करोड़ की अतिरिक्त कमाई की उम्मीद है, जिससे कुल कमाई 116.8 करोड़ रुपए की हो सकती है।
फिल्म के डिजिटल राइट्स 162 करोड़ रुपये में बेचे गए
खबर है कि 'सालार' के ओटीटी राइट्स स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर करोड़ों में बिके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म के डिजिटल राइट्स 162 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं। ऐसे में सालार ने ओटीटी पर सबसे ज्यादा रकम में बेचे जानी वाली साउथ की पहली फिल्म बनने का खिताब अपने नाम कर लिया है। खबर है कि 'सालार' ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो सकती है। हालांकि फिल्म के मेकर्स ने अभी तक ओटीटी रिलीज डेट अनाउंस नहीं की है। कहा जा रहा है कि 'सालार' थिएट्रिकल रिलीज के आठ हफ्ते बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी।
6000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है 'सालार'
केजीएफ फेम प्रशांत नील के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'सालार' में प्रभास के साथ साथ पृथ्वीराज सुकुमारन, जगपति बाबू और श्रुति हासन भी नजर आएंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देशभर में ये फिल्म 6000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है। इसके शोज की संख्या शाहरुख खान की हालिया रिलीज फिल्म 'डंकी' से काफी कम है लेकिन कमाई के मामले में ये किंग खान को पछाड़ती नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications