एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी अधिकारी की ये बात सुनकर भावुक हुए अनुपम खेर, बोले- लोगों के दिलों तक जा रही है फिल्म
नई दिल्ली, 14 मार्च। कश्मीरी पंडितों के विस्थापन पर बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म में अहम किरदार निभा रहे अभिनेता अनुपम खेर की एक्टिंग की भी काफी तारीफ हो रही है। जिस तरह से लोग फिल्म को पसंद कर रहे हैं उसको लेकर खुद अनुपम खेर ने अपना अनुभव साझा किया है। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए लोगों की प्रतिक्रिया को साझा किया है और बताया कि लोग कश्मीर से कश्मीरी पंडितों के विस्थापन को लेकर क्या सोचते हैं।

अनुपम खेर बोले- झकझोर रही है लोगों को यह फिल्म
अनुपम खेर ने ट्वीट करके लिखा, जब एयरपोर्ट पर आपको 12-15 लोग बोलें, आपकी द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखी, सॉरी,हमे पता नहीं था कि कश्मीरी पंडितों के साथ ये सब हुआ था। यही नहीं सिक्योरिटी अधिकारी आपसे कहे, खेर साहब आपकी फिल्म ने दहला दिया, तो इसका मतलब है कि हमारी फिल्म लोगों के दिलों तक जा रही है। झकझोर रही है, जय हो। इस ट्वीट में अनुपम खेर ने अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, ये तस्वीर फिल्म में उनके किरदार की हैं।

एक दिन में कमाए 14 करोड़
बता दें कि 11 जनवरी को फिल्म थियेटर में रिलीज हुई थी, हालांकि फिल्म की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई लेकिन वीकेंड पर फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और जमकर कमाई की। फिल्म ने रविवार को 14 करोड़ रुपए की कमाई की। फिल्म में निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने कश्मीरी पंडितों के विस्थापन की दर्दनाक कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाया है। फिल्म में अनुपम खेर के अलावा दर्शन कुमार, पल्लवी जोसी, मिथुन चक्रवर्ती मुख्य भूमिका में हैं।

वीकेंड में 26 करोड़ की कमाई
फिल्म ने अभी तक बॉक्स ऑफिस पर 26 करोड़ रुपए की कमाई की है। अहम बात यह है कि यह फिल्म बहुत बड़े बजट की नहीं है और ना ही फिल्म की मार्केटिंग बहुत की गई, बावजूद इसके लोगों को यह फिल्म काफी पसंद आ रही है और लोगों के मुंह से फिल्म की तारीफ सुनकर इसे देखने जा रहे हैं। हैदराबाद में फिल्म के शो हाउसफुल रहे हैं। नैनीताल में भी वीकेंड में फिल्म के सभी शो हाउसफुल रहे।

कमाई में चल रही है आगे
कमाई के मामले में द कश्मीर फाइल्स ने दिवाली पर आई अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी के बाद दूसरे नंबर पर है। द कश्मीर फाइल्स के साथ सिनेमा हॉल में पहले से ही आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी और प्रभाष की राधेश्याम चल रही है। लेकिन इन दोनों फिल्मों से कहीं अधिक दर्शक द कश्मीर फाइल्स को मिल रहे हैं। फिल्म को गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रर्देश, गुजरात में टैक्स फ्री कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर फिल्म की काफी तारीफ हो रही है, यही वजह है कि इसे बड़ी संख्या में दर्शक मिल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications