‘धुरंधर' से बौखलाई पाकिस्तानी पॉलिटिकल पार्टी PPP, कराची कोर्ट में की मुकदमा करने की मांग
रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकारों से सजी इस फिल्म ने भारत में जबरदस्त कमाई की है। हालांकि, सफलता के साथ-साथ यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवादों में भी घिर गई है। खासतौर पर पाकिस्तान में इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इसके अलावा फिल्म को खाड़ी देशों में भी बैन कर दिया गया है।

पाकिस्तान में फिल्म के खिलाफ याचिका
'धुरंधर' के खिलाफ पाकिस्तान के कराची की एक जिला अदालत में याचिका दायर की गई है। इस आवेदन में फिल्म के निर्देशक, निर्माता और पूरी टीम पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म का कंटेंट पाकिस्तान और उसकी राजनीतिक व्यवस्था की गलत छवि पेश करती है। यह याचिका मोहम्मद आमिर नामक व्यक्ति ने दायर की गई है, जिन्होंने खुद को पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) का कार्यकर्ता बताया है। आमिर का कहना है कि फिल्म के ट्रेलर में पीपीपी को आतंकवाद के प्रति सहानुभूति रखने वाली पार्टी के रूप में दिखाया गया है। इसके अलावा, कराची के ल्यारी इलाके को आतंकवाद से जुड़ा युद्ध क्षेत्र दर्शाया गया है, जिसे उन्होंने भड़काऊ और तथ्यहीन बताया है।
राजनीतिक प्रतीकों के इस्तेमाल पर आपत्ति
याचिका में यह भी कहा गया है कि फिल्म में पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की तस्वीरों, पीपीपी के झंडे और चुनावी रैलियों के दृश्यों का बिना अनुमति उपयोग किया गया है। याचिकाकर्ता के अनुसार, यह सब कानूनी नियमों का उल्लंघन है और इससे पार्टी तथा देश की छवि को नुकसान पहुंचता है।
खाड़ी देशों में फिल्म पर प्रतिबंध
पाकिस्तान में विवाद के साथ-साथ 'धुरंधर' को कई खाड़ी देशों में भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में फिल्म को रिलीज़ की अनुमति नहीं मिली है। माना जा रहा है कि फिल्म की संवेदनशील राजनीतिक और आतंकवाद से जुड़ी थीम इसके पीछे की वजह है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान से जुड़ी किसी भारतीय फिल्म को खाड़ी देशों में बैन का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले भी इस तरह की राजनीतिक और जासूसी विषयों पर बनी फिल्मों को वहां रिलीज़ की अनुमति नहीं मिल पाई है।












Click it and Unblock the Notifications