पाकिस्तानी एक्टर ने आलिया की मूवी देखने के लिए पूरा थियेटर कर लिया बुक, पत्नी से कही ये बात
इस्लामाबाद, 24 मार्च। आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर तो सफलता के झंडे गाड़े ही फिल्म को समीक्षकों की भी खूब वाह-वाही मिली। फिल्म की कहानी के साथ ही आलिया भट्ट के काम को भी खूब सराहा गया। फिल्म को रिलीज हुए महीना भर हो रहा है लेकिन अभी भी इसे लेकर दीवानगी कम नहीं हो रही है। फिल्म का जादू देश के अंदर ही नहीं बल्कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी सर चढ़कर बोल रहा है। एक पाकिस्तानी एक्टर ने फिल्म के लिए जो किया है उसे देखकर कम से कम तो यही कहा जा सकता है।

फिल्म देखने के लिए थियेटर कर लिया बुक
मशहूर पाकिस्तानी एक्टर मुनीब बट्ट ने अपनी पत्नी के साथ फिल्म को देखने के लिए पूरा थियेटर ही बुक कर लिया। इसका वीडियो सामने आया है जिसमें मुनीब बट्ट शो बुक करते नजर आ रहे हैं। एक्टर के इस काम की फैंस खूब तारीफ कर रहे हैं।

दुबई में एक्टर ने देखी फिल्म
वीडियो को मंगलवार को गैलेक्सी लॉलीवुड नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जो पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री की खबरें शेयर करता है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "मुनीब बट ने पत्नी ऐमान खान को गंगूबाई दिखाने के लिए पूरा सिनेमा हाल ही बुक कर लिया।" रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर ने पत्नी के साथ दुबई के एक थियेटर में फिल्म देखी।

पत्नी से कही ये बात
इस वीडियो को मुनीब ने अपनी इंस्टा स्टोरी में भी शेयर किया है। इसमें उन्हें अपनी पत्नी ऐमान से ये कहते सुना जा सकता है कि मैने तुम्हारे लिए पूरा सिनेमा बुक किया है अब अगर गंगूबाई अच्छी नहीं हुई तो ये न थी हमारी किस्मत का लास्ट एपिसोड देखेंगे। इस पर ऐनम एक किस देती हैं जिसके बाद मुनीब हंसते हुए सुनाई देते हैं। बता दें कि ये न थी हमारी किस्मत पाकिस्तानी सीरियल है जिसमें मुनीब बट्ट का प्रमुख किरदार है। ये ड्रामा इस समय पाकिस्तान में टीवी पर प्रसारित हो रहा है।

फैंस दे रहे प्यारे रिएक्शन
फैंस मुनीब के इस वीडियो पर ढेर सारी अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक ने लिखा वाव मुनीब आप सच में जानते हैं कि अपनी बीवी को प्यार कैसे किया जाता है। एक दूसरे यूजर ने लिखा माशाअल्लाह, कितना प्यार करने वाला पति है। हालांकि कुछ यूजर ने इस पर सवाल भी उठाए हैं जैसे एक यूजर ने लिखा "लेकिन फिल्म देखने का असली मजा लोगों के साथ में ही है।"












Click it and Unblock the Notifications