'सोकर उठी तो चारों तरफ धमाके हो रहे थे....', इजरायल से लौटीं नुसरत भरूचा ने बयां किया अपना दर्द
Nushrratt Bharuccha On Israel-Hamas War: बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा इस समय सुर्खियों में छाई हुई हैं। खबर थी कि नुसरत हाल ही में इजरायल और हमास के बीच चल रही जंग के दौरान वहीं पर फंस गई थीं। हालांकि गत 8 अक्टूबर 2023 (रविवार) को वह सुरक्षित भारत लौट आई हैं। नुसरत को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। इस दौरान वह काफी परेशान और इमोशनल भी नजर आ रही थीं। एयरपोर्ट पर नुसरत ने कैमरे पर कुछ नहीं कहा था। वह पैपराजी से कह रही थीं- प्लीज मुझे अभी घर जाने दो। लेकिन अब इजरायल से मुंबई अपने घर लौटने के दो दिन बाद उन्होंने पहली बार सोशल मीडिया पर अपना रिएक्शन दिया है और लोगों को आप-बीती भी सुनाई है।
इजरायल बम धमाकों पर नुसरत भरूचा का रिएक्शन
नुसरत भरूचा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो की शुरुआत में नुसरत ने इजराइल में फंसे होने के दौरान उनकी सुरक्षा के प्रति चिंता जताते हुए उन्हें याद करने वाले, उन्हें मैसेजेस भेजने वाले और उनके लिए दुआ करने वाले तमाम लोगों का शुक्रिया अदा किया है।

नुसरत भरूचा ने शेयर किया वीडियो
वीडियो में नुसरत भरूतचा कहती हैं- तेल अवीव में बम धमाकों और सायरन की आवाजों को सुनकर मैं काफी परेशान हो गई थी। मुझे अपने बचाव के लिए एक बेसमेंट में शरण लेनी पड़ी थी। उन्होंने ने कहा कि भारत लौटकर उन्हें इस बात का एहसास हो रहा है कि हम सब कितने खुशनसीब हैं कि हम अपने देश में सुरक्षित हैं और शांति के साथ जी रहे हैं।
नुसरत ने कहा- हम अपने देश में हैं और सुरक्षित हैं
नुसरत भरूचा ने वीडियो में कहा- मैं वापस आ गई हूं, सुरक्षित हूं, ठीक हूं लेकिन दो दिन पहले मैं होटल रूम थी और जब मैं सोकर उठी तो चारों तरफ बम धमाकों की आवाज थी। इसके बाद हमें होटल के बेसमेंट में ले जाया गया। मैं पहले ऐसी सिचुएशन में कभी नहीं रही हूं पर आज जब मैं अपने घर में उठी हूं और खुद को सुरक्षित पा रही हूं तो मुझे ये एहसास हो रहा है कि ये कितनी बड़ी बात है। हम कितने खुशनसीब हैं कि हम इस देश में हैं। हम सुरक्षित हैं।
नुसरत भरूचा ने की शांति की उम्मीद
वहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा ने अपने सुरक्षित भारत लौटने पर भारत सरकार, भारतीय और इजरायल दूतावास का भी शुक्रिया अदा किया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि जल्द ही ये जंग रुकेगी और चारों तरफ शांति कायम होगी। आपको बता दें कि नुसरत भरूचा 'हाइफा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल' में शामिल होने के लिए इजरायल गई थीं। उनकी फिल्म 'अकेली' को इस फिल्म फेस्टिवल के लिए सिलेक्ट किया गया था। इसी दौरान वहां जंग छिड़ गई और नुसरत वहां फंस गई थीं। हालांकि अब वह भारत लौट चुकी हैं और अपने घर पर सही सलामत हैं।












Click it and Unblock the Notifications