National Film Awards 2026: गुजरात में होगा 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह, इस दिन मिलेगा सम्मान
National Film Awards 2026: राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2026 को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। हर साल दिल्ली में आयोजित होने वाला ये प्रतिष्ठित समारोह इस बार राजधानी से बाहर होने जा रहा है। खबर है कि 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में किया जाएगा, जहां दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति, सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति स्थापित है। अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 22 सितंबर 2026 को विजेताओं को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।
गुजरात में आयोजित होगा 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के आयोजन स्थल में ये बदलाव लंबे समय बाद देखने को मिल रहा है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब ये समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया हो। इससे पहले साल 1971 में 17वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन चेन्नई में किया गया था। अब करीब पांच दशक से ज्यादा समय बाद एक बार फिर इस परंपरा में बदलाव किया गया है।

18 जुलाई 2026 को हो गई थी विजेताओं के नाम की घोषणा
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2026 के विजेताओं की घोषणा 18 जुलाई 2026 में ही की जा चुकी है। इस बार कई चर्चित फिल्मों और कलाकारों ने अलग-अलग कैटेगरी में राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं।
'आर्टिकल 370' को मिला सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार
-राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इस बार 'आर्टिकल 370' मूवी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के पुरस्कार के लिए चुना गया है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली एक्ट्रेस यामी गौतम को भी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के सम्मान के लिए चुना गया है।
-वहीं सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दो कलाकारों के बीच शेयर किया जाएगा। मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी को 'ब्रह्मयुगम' मूवी में उनके शानदार अभिनय के लिए चुना गया है। उनके साथ बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन को फिल्म 'चंदू चैंपियन' में उनकी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया जाएगा।
रणदीप हुड्डा को निर्देशन के लिए सम्मान
बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा के लिए भी ये राष्ट्रीय पुरस्कार खास होने वाला है। विनायक दामोदर सावरकर के जीवन पर आधारित फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' के निर्देशन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के पुरस्कार के लिए चुना गया है। इस फिल्म में रणदीप हुड्डा ने मुख्य भूमिका निभाने के साथ इसका निर्देशन भी किया था।
'कल्कि 2898 एडी' और 'कैप्टन मिलर' को भी सम्मान
-प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन स्टारर तेलुगू फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' को संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म के पुरस्कार के लिए चुना गया है। फिल्म को दर्शकों के बीच मिली लोकप्रियता और मनोरंजन के लिहाज से ये सम्मान दिया जाएगा।
-इसके अलावा धनुष स्टारर तमिल फिल्म 'कैप्टन मिलर' को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के तौर पर चुना गया है। अरुण माथेश्वरन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में धनुष लीड रोल में नजर आए थे।
केवड़िया में होगा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह
-इस बार पुरस्कार समारोह के लिए गुजरात के एकता नगर को चुना गया है। एकता नगर को पहले केवड़िया के नाम से जाना जाता था। ये इलाका सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के लिए दुनियाभर में मशहूर है।
-'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' की ऊंचाई करीब 597 फीट है और इसे दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा के रूप में जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2018 में इसका अनावरण किया था। ऐसे में इस ऐतिहासिक स्थल पर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन इस साल के कार्यक्रम को और खास बना रहा है।
-22 सितंबर 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगी। दिल्ली से बाहर होने जा रहा 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह इस लिहाज से भी खास है कि लंबे अंतराल के बाद पुरस्कार समारोह की मेजबानी किसी अन्य शहर को मिली है।


Click it and Unblock the Notifications
