सुपर मॉडल पद्म लक्ष्मी बोलीं- भारत में मुसलमानों के खिलाफ हिंसा को देख दिल रोता है
मुंबई, 28 अप्रैल: भारतीय-अमेरिकी मॉडल और लेखिका पद्मा लक्ष्मी ने कहा है कि भारत में अल्पसंख्यकों, खासतौर से मुसलमानों के खिलाफ लगातार हिंसा देखने को मिल रही है। जिसे देखकर मन बहुत दुखी होता है। पद्मा ने बुधवार को कई ट्वीट इसको लेकर किए हैं। जिसमें उन्होंने हिंसा रोकने और सभी से शांतिपूर्वक तरीके से रहने की दरख्वास्त की है।

क्या कहा है पद्मा लक्ष्मी ने
पद्मा लक्ष्मी ने ट्वीट करते हुए लिखा, देश में बड़े पैमाने पर मुस्लिम विरोधी माहौल बनाया जा रहा है। भारत में या दुनिया में कहीं भी हिंदुत्व को कोई खतरा नहीं है। हिंदुओं को इस दुष्प्रचार के जाल में नहीं फंसना चाहिए। सभी धर्मों के लोगों को इस प्राचीन भूमि पर शांतिपूर्वक रहना चाहिए। दिल्ली के जहांगीरपुरी में और मध्य प्रदेश के खरगोन में हुई हिंसा से जुड़े समाचारों को शेयर करते हुए पद्मा लक्ष्मी ने कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता में नफरत की कोई जगह नहीं हो सकती है।

मुझे ये देखकर दुख होता है
पद्मा ने आगे कहा, भारत में मुसलमानों के खिलाफ हिंसा को देखकर दुख होता है। मुसलमानों के खिलाफ व्यापक बयानबाजी लोगों में डर पैदा करती है और जहर घोलती है। यह दुष्प्रचार खतरनाक और कुटिल है क्योंकि जब आप किसी को कम समझते हैं तो उनके दमन में शामिल होना ज्यादा आसान हो जाता है। साथी हिंदुओं, इस डर पैदा करने के जाल में ना फंसे। दुनिया में कहीं भी हिन्दुओं को कोई खतरा नहीं है।

न्यूयॉर्क में रहती हैं पद्मा लक्ष्मी
पद्मा लक्ष्मी न्यूयॉर्क में रहती हैं, वो राइटर, एक्टर, मॉडल, टीवी होस्ट, प्रोडूसर और मास्टर शेफ हैं। बता दें कि पद्मा लक्ष्मी तमिलनाडु के चेन्नई में पैदा हुई थीं। वो जब छोटी थीं तो उनकी मां न्यूयॉर्क में ही बस गई थीं। पद्मा लक्ष्मी एक मॉडल के तौर पर पहचान रखती हैं, कई फिल्मों में भी उन्होंने एक्टिंग की है।












Click it and Unblock the Notifications