Manoj Kumar: मनोज कुमार ने 80 के दशक में लाई 'क्रांति', टीशर्ट-बनियान तक पर छाए, गजब है किस्सा!
Manoj Kumar 's Kranti: भारत के दिग्गज अभिनेताओं में शामिल मनोज कुमार ने 4 अप्रैल 2025 को 87 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने से सिनेमा के एक युग का अंत हो गया है। मनोज कुमार ने अपनी देशभक्ति की फिल्मों से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई और इसी कारण लोग उन्हें 'भारत कुमार' कहकर पुकारते थे।
मनोज कुमार ने अपने करियर की शुरुआत बतौर राईटर की थी, वो बेहतरीन लेखक और शानदार निर्देशक रहे, उन्होंने सिनेदर्शकों को एक से एक बढ़कर क्लासिक फिल्में दी हैं, जो कि हिंदी सिनेमा की अमूल्य धरोहर हैं।

उनकी फिल्मो में तत्कालीन समाज की स्थिति को बखूबी देखा जा सकता है। 'उपकार', 'रोटी कपड़ा और मकान' और 'पूरब-पश्चिम' इसके साक्षात उदाहरण हैं। मनोज की यादगार फिल्मों में सबसे बड़ा नाम 'क्रांति' का है,जिसे कि हिंदी सिनेमा की 'कल्ट' मूवी बोला जाता है।
मनोज कुमार को मिली थी फिल्म ना बनाने की सलाह
6 फरवरी 1981 को प्रदर्शित हुई इस फिल्म में कलाकारों की भारी भीड़ थी। जिस वक्त ये फिल्म मनोज कुमार बना रहे थे, उस वक्त कुछ लोगों ने उनसे कहा था कि 'इसमें पैसा लगाना बेकार है। इस स्टोरी पर फिल्म नहीं चलेगी।'
निर्माण, संपादन, संवाद और निर्देशन सब मनोज कुमार ने किया (Manoj Kumar)
ये वो दौर था, जब लोगों के दिलों पर एक्शन और रोमांटिक फिल्मों ने कब्जा किया हुआ था। मनोज कुमार उस वक्त स्मार्ट और डैशिंग लुक वाले भी नहीं थे, ऐसे में इस फिल्म का निर्माण करके उन्होंने बड़ा रिस्क लिया था। इस फिल्म कहानी और पटकथा तो सलीम-जावेद ने लिखी थी लेकिन निर्माण, संपादन, संवाद और निर्देशन मनोज कुमार ने किया था और सबसे बड़ी बात ये कि वो इस फिल्म में एक्टर भी थे।
चार साल बाद दिलीप कुमार ने रूपहले पर्दे पर वापसी की थी
फिल्म में उनके साथ दिलीप कुमार, शशि कपूर , शत्रुघ्न सिन्हा , हेमा मालिनी , परवीन बॉबी जैसे दिग्गज थे। इसी फिल्म से चार साल बाद दिलीप कुमार ने रूपहले पर्दे पर वापसी की थी। इतने कलाकारों के साथ फिल्म बनाना मनोज कुमार के लिए भी आसान नहीं था लेकिन सभी को पता था कि मनोज कुमार अपनी बात के पक्के हैं और वो किसी भी किरदार के साथ अन्याय नहीं करेंगे। ये उस वक्त की सबसे महंगी भारतीय फिल्मों में से एक थी।
80 के दशक की सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म
फिल्म निर्धारित वक्त पर रिलीज हुई और पर्दे पर आते ही इसने तूफान मचा दिया। ये भारत की अब तक की शीर्ष 10 सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों से एक हैं। यही नहीं ये 80 के दशक की सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म और सिनेमाघरों में 67 सप्ताह लगातार चलने वाली फिल्म है।
फिल्म ने 26 केंद्रों में सिल्वर जुबली बनाई थी (Manoj Kumar)
लोगों के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज था, इस फिल्म ने 26 केंद्रों में सिल्वर जुबली बनाई थी, उस वक्त आज के जैसे फिल्मों के प्रमोशन नहीं होते थे लेकिन फिर भी इस फिल्म ने चुंबक की तरह लोगों को टिकट विंडो तक खींचा था। 'क्रांति' के 'शोर' को हर कोई सुनना चाहता था। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस फिल्म ने मिर्जापुर और जूनागढ़ जैसे शहरों में रजत जंयती बनाई थी।
क्रांति टी-शर्ट, जैकेट, बनियान की बाढ़
लोगों पर फिल्म का जबरदस्त असर हुआ था, जिसे बिजनेसवालों ने भी काफी कैश कराया। मार्केट में क्रांति टी-शर्ट, जैकेट, बनियान की बाढ़ आ गई थी। फिल्म के गाने, संवाद लोगों की जुबान पर चढ़े हुए थे।
दिल्ली/यूपी में 3 करोड़ से अधिक की शुद्ध कमाई
फिल्म ने दिल्ली/यूपी में 3 करोड़ से अधिक की शुद्ध कमाई की थी। आपको बता दें कि ' हम आपके हैं कौन'(1994) से पहले दिल्ली/यूपी में 3 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली केवल दस फिल्में थीं, जिसमें 'क्रांति' का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। इसी वजह से फिल्म को 'गोल्डन जुबली'करार दिया गया।
एक नजर मे क्रांति
- निर्देशक: मनोज कुमार
- संवाद:मनोज कुमार
- निर्माता: मनोज कुमार
- संपादन: मनोज कुमार
- कहानी और पटकथा लेखन:सलीम-जावेद
अभिनेता-अभिनेत्री
- दिलीप कुमार
- मनोज कुमार
- शशि कपूर
- शत्रुघ्न सिन्हा
- हेमा मालिनी
- परवीन बॉबी
लोकप्रिय गीत
- लुई शमाशा"-
- "अब के बरस"
- "चना जोर गरम"
- "दुर्गा है मेरी मां"
- "जिंदगी की ना टूटे लड़ी"
- "मारा ठुमका"
- "क्रांति क्रांति "
गायक
- लता मंगेशकर
- नितिन मुकेश
- महेंद्र कपूर
- किशोर कुमार
- मन्ना डे
- शैलेन्द्र सिंह
कुछ खास बातें
- फिल्म की जब शूटिंग पूरी हुई तो ये 10 घंटे की बनी थी, जिसे संपादित करके तीन घंटे 15 मिनट का किया गया था।
- मनोज कुमार के छोटे बेटे कुणाल गोस्वामी ने भी इस फिल्म में बाल कलाकार के रूप में काम किया था।
- फिल्म को ज्यादातर खराब समीक्षाएं मिलीं, लेकिन इसकी व्यावसायिक सफलता ने सभी के मुंह बंद कर दिया।
DISCLAIMER: यह सूचना इंटरनेट पर उपलब्ध मान्यताओं और सूचनाओं पर आधारित है। वनइंडिया लेख से संबंधित किसी भी इनपुट या जानकारी की पुष्टि नहीं करता है।












Click it and Unblock the Notifications