KBC 13: अमिताभ से मिलने के बाद ज्ञान राज को है इस बात का मलाल, जानिए क्यों पहनी थी 'लाल शर्ट'?
मुंबई, 24 अगस्त। सोमवार रात से केबीसी के 13वें सीजन की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी हैं। हर बार की तरह शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने अपनी मोहक संवाद अदायगी से हर किसी का मन मोह लिया। शो के पहले प्रतियोगी रहे रांची के ज्ञान राज , जिन्होंने 3 लाख 20 हजार रुपये ही जीते तो वहीं शो में एक्सपर्ट के रूप में जानी-मानी पत्रकार, ब्लॉगर, होस्ट ऋचा अनिरुद्ध नजर आईं और उन्होंने एक सवाल में ज्ञानराज की मदद भी की थी।

'मैं अमिताभ बच्चन के पैर नहीं छू पाया'
शो में 3.20 लाख रकम जीतने बाद ज्ञान राज ने Times Now से बातचीत की और अपने और शो को लेकर उन्होंने बहुत सारी बातें शेयर कीं। ज्ञान राज ने कहा कि केबीसी के मंच पर आना और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठना एक सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने बताया कि लेकिन इस अनोखी मुलाकात के बाद भी मुझे ता उम्र एक बात का मलाल रहेगा और वो ये कि 'मैं अमिताभ बच्चन के पैर नहीं छू पाया।'
Recommended Video

कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन
दरअसल कोविड प्रोटोकॉल के तहत किसी भी प्रतियोगी को अमिताभ बच्चन से हाथ मिलाने, गले मिलने और पैर छूने की मनाही है। ज्ञान राज ने कहा कि केबीसी के आयोजकों ने हर चीज को कोविड प्रोटोकॉल के तहत खूबसूरती से आयोजित किया है।

'हमें तीन दिन क्वारंटीन में रखा गया'
उन्होंने कहा कि हमें शो वालों ने कहा था कि आप यहां जब भी आएं तो कपड़े ज्यादा लेकर आएं। उन्होंने कहा कि मुंबई पहुंचने के बाद सभी को कोरोना की वजह से तीन दिन तक क्वारंटीन में रखा गया। शो के सभी 10 प्रतियोगियों को एक होटल में स्टे करवाया गया और सभी को अलग-अलग फ्लोर पर रूम दिया गया। प्रतियोगियों के साथ आए गेस्टों को भी अलग रूम में ही रखा गया। फिर दूसरे दिन सभी का RTPCR टेस्ट किया गया। इसके बाद सभी को शूट के लिए सेट पर ले जाया गया।
दोबारा से कोरोना टेस्ट हुआ
सभी को सेट पर सुबह साढ़े पांच बजे ले जाया और सभी को अलग-अलग रूम में रोका गया और फिर वहां से सेट पर ले जाने से पहले भी दोबारा से कोरोना टेस्ट हुआ। उन्होंने कहा कि आयोजक ही हमें निर्देश दे रहे थे कि हमें कहां बैठना है और कैसे दिखना है, उन्होंने ये भी बताया कि जो लाल शर्ट उन्होंने शो के दौरान पहनी थी, वो उनकी नहीं आयोजकों की ही थी।

कौन हैं ज्ञान राज?
अभूतपूर्व प्रतिभा के धनी ज्ञान राज मूल रूप से रांची के नगड़ी के रहने वाले हैं और उन्होंने BIT आईटी मेसरा से कंप्यूटर इंजीनियरिग की है। उन्हें इसरो की तरफ से जॉब ऑफर आए थे लेकिन उन्होंने नौकरी करने के बजाय अपने गांव के बच्चों को शिक्षित करने का फैसला किया और उन्होंने बच्चों को साइंस की शिक्षा देनी शुरू की। किताबी ज्ञान से ज्यादा प्रैक्टिकल नॉलेज पर बल देने वाले ज्ञान राज अपनी जीत की रकम का उपयोग अपने स्कूल के बच्चों की पढ़ाई पर लगाना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications