करीना कपूर खान को हाई कोर्ट का नोटिस, प्रेग्नेंसी पर लिखी किताब को लेकर हो रहा विवाद, धर्म से जुड़ा है मामला
Kareena Kapoor Khan: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एक नागरिक की याचिका पर एक्ट्रेस करीना कपूर खान को नोटिस जारी किया है। इस खबर के बाद से करीना कपूर सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी हैं।
करीना कपूर की किताब को लेकर विवाद
खबर है कि प्रेग्नेंसी पर करीना कपूर ने एक किताब लिखी है जिसके टाइटल में 'बाइबिल' शब्द का इस्तेमाल किया गया है। ऐसा करने के लिए उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है। एक्ट्रेस की ये किताब, 'करीना कपूर खान्स प्रेग्नेंसी बाइबल: द अल्टीमेट मैनुअल फॉर मॉम्स-टू-बी', अगस्त 2021 में लॉन्च हुई थी। इसी किताब को लेकर एक्ट्रेस कानूनी पचड़े में फंस गई हैं।

किताब के शीर्षक में 'बाइबिल' शब्द का इस्तेमाल
वकील क्रिस्टोफर एंथनी ने अपनी याचिका में कहा है कि करीना कपूर के इस किताब के टाइटल से ईसाइयों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। याचिका में ये भी कहा गया है कि इस किताब के शीर्षक में 'बाइबिल' शब्द का इस्तेमाल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के इरादे से किया गया है और ये बिल्कुल आपत्तिजनक है।
वकील ने किया हाई कोर्ट का रुख
क्रिस्टोफर एंथनी ने एडिशनल सेशन कोर्ट के पारित आदेश को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का रुख किया है। आपको बता दें कि एडिशनल सेशन कोर्ट ने करीना कपूर के खिलाफ मामला दर्ज करने की उनकी याचिका खारिज कर दी थी। फिलहाल इस मामले की अगली सुनवाई आगामी 1 जुलाई 2024 को होगी।
किताब ने ईसाई समुदाय की भावनाओं को आहत किया
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी ने शुरू में एक स्थानीय पुलिस स्टेशन में करीना कपूर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद वकील क्रिस्टोफर एंथनी ने अपनी शिकायत में कहा कि किताब के टाइटल ने ईसाई समुदाय की भावनाओं को आहत किया है क्योंकि बाइबिल जैसे पवित्र किताब की तुलना एक्ट्रेस की प्रेग्नेंसी से नहीं की जा सकती है।
पुलिस ने मामला दर्ज करने से किया इनकार
पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद एंथनी ने इसी तरह की राहत की मांग करते हुए एक मजिस्ट्रेट अदालत का रुख किया था। उनकी याचिका भी अदालत ने खारिज कर दी थी क्योंकि वो ये साबित करने में विफल थे कि 'बाइबिल' शब्द के इस्तेमाल से ईसाइयों की भावनाएं कैसे आहत हुईं।












Click it and Unblock the Notifications