कांवड़ यात्रा में बारबालाओं की अश्लीलता! वायरल डांस वीडियो पर भड़कीं अनुराधा पौडवाल
Anuradha Paudwal Kanwar video reaction: सावन की शुरुआत होते ही पूरे उत्तर भारत में भोलेनाथ के भक्तों का उत्साह सातवें आसमान पर है। हरिद्वार, गंगोत्री और गौमुख जैसे तीर्थस्थलों से लाखों कांवड़िए गंगाजल लेकर "बोल बम" के जयघोष के साथ शिव मंदिरों की ओर बढ़ रहे हैं। सड़कें केसरिया रंग में रंग चुकी हैं और माहौल पूरी तरह भक्ति से सराबोर है।
लेकिन इसी बीच एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने इस पवित्र यात्रा की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कांवड़ यात्रा के दौरान एक महिला का भड़काऊ डांस देखा जा सकता है, जो अब विवाद और आलोचनाओं का केंद्र बन गया है।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद से ही श्रद्धा और आस्था के इस सफर में अश्लीलता की घुसपैठ से देशभर में बहस छिड़ गई है - क्या यह धार्मिक आयोजन अब अपनी दिशा से भटक रहा है? इस पर फेमस बॉलीवुड फीमेल सिंगर अनुराधा पौडवाल का भी रिएक्शन आ गया है।
क्या है वायरल वीडियो?
वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान एक ट्रक पर दो युवतियां भड़काऊ और अश्लील डांस कर रही हैं। ये वीडियो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दर्जनों की संख्या में कांवड़िए मौजूद हैं और ट्रक पर डांस करती लड़कियों के इर्द-गिर्द भीड़ जमा है। यह दृश्य धार्मिक यात्रा के उस स्वरूप से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है जिसकी कल्पना श्रद्धालु करते हैं।
अनुराधा पौडवाल ने सुनाई खरी खोटी
इस वायरल वीडियो पर अब सुप्रसिद्ध गायिका और भजन सम्राट अनुराधा पौडवाल ने भी अपनी नाराजगी जताई है। धार्मिक और भक्ति गीतों की मशहूर गायिका ने वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने इस तरह की हरकतों को धार्मिक आयोजनों का अपमान बताया है। अनुराधा ने एक वायरल वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा - "ये बकवास बंद करो प्लीज।"
उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा एक श्रद्धा और साधना का विषय है, न कि मनोरंजन या अश्लीलता का मंच। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस पवित्र परंपरा की गरिमा को बनाए रखें और इस तरह की गतिविधियों को रोकें। बता दें कि बॉलीवुड में अपनी आवाज से जादू बिखेरने वाली अनुराधा पौडवाल ने अपने सिंगिंग करियर में कई सुपरहिट सदाबहार गाने दिए हैं। उन्होंने फिल्मी गानों के साथ -साथ भक्ति गानों से भी हिंदुस्तान के हर घर में अपनी अलग पहचान बनाई है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का फूटा गुस्सा
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भी जमकर फूटा है। एक यूजर ने लिखा - "धर्म के नाम पर बेशर्मी का तमाशा चल रहा है। कांवड़ यात्रा की आड़ में युवाओं को भटका रहे हैं।"
एक अन्य यूजर ने कहा - "ये है कावड़ का असली रूप फुल मस्ती , योगी जी के श्रद्धालु ,,क्या भोले शंकर ऐसे ही रंग मंच सजाए होते थे दरबार में ? क्या ये डांस बालाएं शंकर जी के दरबार से आई है ,,,?"
कुछ यूजर्स ने कांवड़ यात्रा को 'धार्मिक पर्यटन' की तरह देखने की बात कही है, जहां श्रद्धा की जगह मनोरंजन और प्रदर्शन ने ले ली है। कई लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए और धार्मिक आयोजनों की मर्यादा को बनाए रखने के लिए स्पष्ट गाइडलाइन्स बनाई जाएं।
इस तरह की घटनाएं सिर्फ धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं करतीं, बल्कि एक संपूर्ण परंपरा की छवि को धूमिल भी करती हैं। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन और समाज मिलकर इस पर रोक लगाएगा? क्या धार्मिक आयोजनों में अनुशासन और संयम की वापसी होगी?












Click it and Unblock the Notifications